अयोध्या में महिला ने 5kg के बच्चे को जन्म दिया:रूदौली CHC में सफल ऑपरेशन से जन्मा, डॉक्टर बोलीं- मां-बेटे दोनों स्वस्थ

अयोध्या के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) रुदौली में चिकित्सकों की टीम ने सीजेरियन ऑपरेशन के जरिए लगभग 5 किलोग्राम वजनी नवजात शिशु का सुरक्षित जन्म कराया। अस्पताल प्रशासन के अनुसार यह सीएचसी रुदौली में अब तक जन्मा सबसे अधिक वजन वाला शिशु है। इस सफल प्रसव के बाद अस्पताल के डॉक्टरों और स्टाफ में खुशी का माहौल है। अब विस्तार से जानिए पूरा मामला… प्रसव पीड़ा के बाद अस्पताल पहुंची गर्भवती महिला परिजनों के मुताबिक, सेल्फ एम्प्लॉई बिजनेसमैन पिंटू यादव अपनी गर्भवती पत्नी को प्रसव पीड़ा होने पर बुधवार सुबह करीब 11 बजे सीएचसी रुदौली लेकर पहुंचे थे। डॉक्टरों ने महिला की जांच करने के बाद सुरक्षित प्रसव के लिए ऑपरेशन करने का निर्णय लिया और चिकित्सकीय निगरानी में सी-सेक्शन के जरिए बच्चे का जन्म कराया गया। नवजात का नाम रखा गया प्रियांशु यादव सफल प्रसव के बाद परिवार में खुशी का माहौल है। परिजनों ने नवजात शिशु का नाम प्रियांशु यादव रखा है। बच्चे के जन्म के बाद माता और पिता दोनों बेहद खुश हैं। परिजनों ने अस्पताल की चिकित्सकीय टीम का आभार भी व्यक्त किया। जच्चा-बच्चा दोनों पूरी तरह स्वस्थ सीएचसी अधीक्षक डॉ. फातिमा हसन रिजवी ने बताया कि नवजात का वजन करीब 5 किलोग्राम है और जच्चा-बच्चा दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं। उन्होंने बताया कि आमतौर पर नवजात शिशु का वजन करीब 2.5 किलोग्राम के आसपास होता है, लेकिन यह बच्चा सामान्य से काफी अधिक वजन का है। डॉ. फातिमा हसन रिजवी ने इस सफल ऑपरेशन को अस्पताल की चिकित्सकीय टीम की कुशलता और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि अस्पताल में बेहतर सुविधाएं और प्रशिक्षित डॉक्टर होने से ऐसे जटिल प्रसव भी सुरक्षित तरीके से कराए जा रहे हैं।