अयोध्या में 25 नवंबर को श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में होने वाले ध्वजारोहण कार्यक्रम की तैयारी तेज हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राम मंदिर के शिखर पर ध्वजारोहण करेंगे। इसे देखते हुए प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह सक्रिय हो गया हैं। पूरे शहर को जोन और सेक्टरों में बांटा गया है। तैयारियों को लेकर गुरुवार को अधिकारियों की एक अहम बैठक हुई, जिसमें महत्वपूर्ण बिंदुओं पर अधिकारियों ने चर्चा किया। प्रशासन-पुलिस की बड़ी बैठक गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बड़ी बैठक हुई। जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे ने बैठक की अध्यक्षता की। इसमें एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर, सीआरपीएफ अधिकारी, सीडीओ कृष्ण कुमार सिंह, एडीएम नगर योगानंद पांडेय, एडीएम कानून व्यवस्था इंद्रकांत द्विवेदी, एडीएम वित्त एवं राजस्व अमित कुमार भट्ट, एसपी सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी, एसपी ग्रामीण, एसपी ट्रैफिक और नगर मजिस्ट्रेट मौजूद रहे। सभी सर्किल ऑफिसर भी बैठक में शामिल हुए। सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की समीक्षा बैठक में सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्लान की समीक्षा की गई। पूरे आयोजन क्षेत्र को जोन और सेक्टर में बांटा गया है। हर जोन के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी अधिकारी आपसी समन्वय बनाकर काम करें। सभी तैयारियां तय समय सीमा में पूरी की जाएं। हेलीपैड और मार्ग की तैयारियां बैठक में एयरपोर्ट और हेलीपैड की सुरक्षा पर चर्चा हुई। साकेत महाविद्यालय से राम मंदिर तक के मार्ग को बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि जहां जरूरत हो, वहां बैरिकेडिंग और मार्ग मरम्मत का कार्य तुरंत किया जाए। अतिथियों और श्रद्धालुओं की सुविधा पर फोकस मंदिर परिसर के अंदर की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। अतिथियों का प्रवेश, वाहनों की पार्किंग, सुरक्षा घेरा और कॉरिडोर व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा हुई। डीएम ने कहा कि कार्यक्रम को भव्य और सुरक्षित रूप से संपन्न किया जाएगा। सभी एजेंसियों में सामंजस्य जरूरी डीएम ने कहा कि सभी सुरक्षा एजेंसियों के बीच तालमेल बना रहे। श्रद्धालु, आम नागरिक और वीआईपी सभी के लिए आवागमन सुगम हो, इस पर खास ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि जिम्मेदार अधिकारी तुरंत फील्ड में उतरें और व्यवस्था सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे ने कहा कि सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारी समय से पूरी करें। आमजन की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन अयोध्या के लिए ऐतिहासिक अवसर है, इसे भव्यता के साथ संपन्न कराया जाएगा।