अयोध्या के रामपथ स्थित पोस्ट ऑफिस चौराहा के पास शुक्रवार को ब्लैकआउट मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। मॉक ड्रिल अपर जिलाधिकारी नगर योगानंद पांडेय और पुलिस अधीक्षक नगर चक्रपाणि त्रिपाठी की मौजूदगी में संपन्न हुई। मॉक ड्रिल की शुरुआत आपदा कंट्रोल रूम को सूचना देकर की गई। इसके बाद कंट्रोल रूम के निर्देश पर विद्युत विभाग ने संबंधित क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बंद कर दी, जिसे ब्लैकआउट गतिविधि के रूप में प्रदर्शित किया गया। ब्लैकआउट के दौरान दो मिनट तक सायरन बजाया गया और विस्फोट जैसी गतिविधियों का अभ्यास कराया गया। इसके बाद मॉक ड्रिल टीम के संकेत पर ब्लैकआउट समाप्त कर दोबारा दो मिनट का सायरन बजाया गया। सुरक्षा कर्मियों ने मौके पर अग्निशमन, खोज व बचाव कार्य और प्राथमिक चिकित्सा का अभ्यास किया। साथ ही क्षेत्र को सुरक्षित रूप से खाली कराया गया। इस मॉक ड्रिल में एनसीसी और होमगार्ड जवानों की भी सक्रिय भागीदारी रही। प्रशासन ने बताया कि इस अभ्यास का उद्देश्य आपदा की स्थिति में त्वरित और प्रभावी प्रतिक्रिया सुनिश्चित करना है।