अयोध्या जनपद के कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत तिहरा माझा गांव में मंगलवार शाम 16 वर्षीय एक किशोर की गोली लगने से मौत हो गई। उसकी पहचान आलोक वर्मा उर्फ सन्नी पुत्र राम नरेश वर्मा के रूप में हुई है, जो कक्षा नौ का छात्र था। पुलिस ने इस मामले में अनीश यादव पुत्र अंगद यादव के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। परिजनों के अनुसार, घटना शाम करीब चार बजे की है। आलोक गांव के कुछ युवकों के साथ खेल रहा था, तभी अचानक गोली चल गई, जो उसके पेट में जा लगी। गोली लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन आनन-फानन में उसे इलाज के लि दशरथ मेडिकल कॉलेज अयोध्या लेकर पहुंचे, जहां से हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने लखनऊ रेफर कर दिया। लखनऊ ले जाते समय बिगड़ी हालत, सीएचसी में मौत
लखनऊ ले जाते समय रौनाही टोल प्लाजा के पास आलोक की तबीयत अचानक बिगड़ गई। इसके बाद उसे सोहावल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया। वहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की मां ने गांव के ही एक लड़के पर जान बुझकर हत्या करने का आरोप लगाया है। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। अयोध्या कोतवाली प्रभारी पंकज कुमार सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला अवैध असलहे से गोली चलने का सामने आया है। पूछताछ में पता चला है कि आलोक गांव के एक किशोर के साथ खेल रहा था, उसी दौरान गोली चली। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। आलोक के पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। भाइयों में वह सबसे बड़ा था। परिवार में मां एक छोटा भाई एक बहन है। पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी अयोध्या कोतवाली पंकज सिंह ने बताया आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर घटना की जांच की जा रही है। आरोपी की तलाश की जा रही है।