संसद के शीतकालीन सत्र के चौथे दिन गुरुवार को सपा समेत तमाम विपक्षी दलों ने मकर द्वार पर प्रदर्शन किया। दिल्ली की जहरीली हवा को लेकर सांसद प्लेकार्ड लेकर मुंह पर मास्क लगाए दिखाई दिए। दोनों सदनों में इस पर चर्चा कराने की मांग की। आजमगढ़ से सपा सांसद धर्मेंद्र यादव ने लोकसभा में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से कहा- बनारस से जौनपुर तक 18 किमी अब भी टू-लेन रोड है। इस रास्ते सफर करने वाले लोग घंटों परेशान होते हैं। इसे जल्द से जल्द फोर लेन करा दें। उन्होंने टोल कर्मियों की मनमानी और गुंडागर्दी का मुद्दा भी उठाया। धर्मेंद्र ने कहा- आजमगढ़ में एक जगह है- कोटला। यहां टोल वालों का बहुत आतंक है। स्थानीय लोगों के लिए जो लोकल रास्ते बने हैं, उन पर बैरियर डाल दिए हैं। NHAI के नाम पर इतनी गुंडई चल रही है कि लिंक रोड से स्कूल बस भी नहीं निकलने दी जाती। इस गुंडई का अंत करवाइए। आजमगढ़ वालों पर रहम करिए। इसके अलावा सपा सांसद प्रिया सरोज ने संसद में कोडीन युक्त नकली कफ सिरप का मुद्दा उठाते हुए कहा- ‘ये कोई छोटा-मोटा मामला नहीं है। पूरे देश में कोडीन बेस्ड फर्जी कफ सिरप का खतरनाक सिंडिकेट चल रहा है। इसमें सरकार के लोगों भी शामिल हैं। बनारस के आसपास जिलों से लेकर कई राज्यों तक ये नेटवर्क फैला हुआ है। प्रतिबंधित दवाएं खुलेआम बिक रही हैं। मेरठ से भाजपा सांसद अरुण गोविल ने कहा- देश भर में मंदिर, चर्च सहित अन्य धार्मिक स्थलों पर CCTV लगाए जा चुके हैं। जबकि मस्जिदों व मदरसों पर सीसीटीवी नहीं लगाए गए हैं, ये सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा है। यदि सऊदी अरब में मस्जिदों व मदरसों में सीसीटीवी लगाए जा सकते हैं तो यहां क्यों नहीं लगाए जा सकते हैं। ये देश के 140 करोड़ लोगों की सुरक्षा के लिए जरूरी है। सुरक्षा धार्मिक नहीं होती है। राष्ट्र सुरक्षित हो, इसके लिए सरकार कोई नीति बनाए। संसद में यूपी के सांसदों की एक्टिविटी के लिए लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए…