अलीगढ़ में गेंहू के खेत में मिला युवती का शव:गला दबाकर हत्या की आशंका, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

अलीगढ़ के चण्डौस कोतवाली अंतर्गत नगला पदम गांव में गुरुवार शाम करीब सात बजे उस समय दहशत मच गई। जब ग्रामीणों ने एक युवती(22) के शव को गेंहू के खेत में पड़ा पाया। चंद मिनट में आग की तरह यह सूचना पूरे गांव में फैल गई। जिसके बाद ग्रामीणों की भीड़ वहां एकत्र हो गई। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने फौरन पुलिस कंट्रोल रूम पर सूचना दी। फिर मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर मौजूद लोगों से पूछताछ की। बावजूद इसके शिनाख्त नहीं हो सकी। हालांकि, प्रथम दृष्टया में युवती की गला दबाकर हत्याकर शव को खेत में ठिकाने लगाने की आशंका जताई जा रही है। गला दबाकर हत्या की आशंका सीओ गभाना धनंजय सिंह के मुताबिक, नगला पदम गांव में पुलिस कंट्रोल रूम पर एक युवती का शव मिलने की सूचना प्राप्त हुई थी। प्रारम्भिक जांच में युवती की उम्र तकरीबन 20 – 22 वर्ष के बीच आंकी गई है। पुलिस ने मौजूद लोगों से पूछताछ की, लेकिन युवती की पहचान नहीं हो सकी। युवती के शरीर पर पिस्ता लाइट ग्रीन रंग का सूट-सलवार, नीली जैकेट तथा पैरों में मोजे पहने हुए थे। युवती के गले पर कुछ जख्म के निशान भी मिले है और चेहरे पर गंभीर चोटें भी पाई है। जिन्हें देखकर प्रतीत होता है कि युवती के संग मारपीट करने के बाद कपड़े से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई। फिर शव को ठिकाने लगाने के लिए हत्यारों ने लाश को गेंहू के खेत में फेंक दिया है। उन्होंने बताया कि फॉरेसिंक टीम को घटनास्थल के पास कोई भी संर्घष का निशान नहीं मिला है। जिससे यह आशंका जताई जा रही हैकि युवती किसी दूसरे स्थान पर हत्या की गई है। गुमशुदगी रजिस्टर्ड खंगाल रही पुलिस कोतवाल चण्डौस सत्यवीर सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होगा। फिलहाल, पुलिस क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में जुटी है। वहीं, युवती की पहचान कराई जा रही है। इसके लिए पुलिस आसपास के थानों से भी संपर्क भी कर रही है। साथ ही महिलाओं की गुमशुदगी का ब्यौरा भी खंगाल रही है। इसके साथ ही मृतका का फोटोग्राफ सोशल मीडिया प्लेटफार्म भी प्रेषित किया गया है। प्रेम प्रसंग में हत्या की आंशका फिलहाल, पुलिस प्रेम प्रसंग में हत्या करने की आंशका के एंगल को भी खंगाल रही है। फिलहाल यह कह पाना बेहद मुश्किल है। लेकिन पुलिस का दावा है कि जल्द ही मृतका की पहचान होगी। इसके बाद पुलिस हत्यारों की तलाश में कड़ी-दर कड़ी तफ्तीश करेगी।