अलीगढ़ में पत्नी की हत्या कर फंदे से लटका पति:ससुराल में बेइज्जती से नाराज था; चार महीने से मायके में थी पत्नी

अलीगढ़ में ससुराल पहुंचे एक दामाद ने पत्नी की हत्या कर दी। फिर खुद फंदे से लटककर जान दे दी। बताया जा रहा है कि पत्नी से झगड़ा करने पर ससुरालियों ने उसे सबके सामने फटकार लगाई थी, जिससे वह आहत था। युवक के ससुर ने बताया- गुरुवार सुबह काफी देर होने पर भी बेटी-दामाद कमरे से बाहर नहीं निकले। हम लोगों ने आवाज दी। मगर कोई जवाब नहीं आया। दरवाजा तोड़कर अंदर गए तो बेटी का शव बेड पर पड़ा था, जबकि दामाद पंखे से लटका हुआ था। दामाद दिल्ली से एक रिश्तेदार की शादी में शामिल होने आया था। बेटी की शादी चार साल पहले हुई थी। पुलिस की जांच में सामने आया है कि युवक ने पत्नी की हत्या करने के बाद आत्महत्या कर ली। 2 तस्वीरें देखिए… चार महीने से मायके में थी पत्नी अकराबाद के धौरी गांव के मनीष कुमार की बेटी शिवानी (24) की शादी चार साल पहले सुनील के साथ हुई थी। वह दिल्ली के मजनू टीला का रहने वाला था। वह दिल्ली में मोबाइल रिपेयरिंग और रिटेल बिक्री का काम करता था। शिवानी के पिता मनीष कपड़े प्रेस करने का काम करते हैं। पिता मनीष ने बताया- शादी के बाद से ही बेटी-दामाद के बीच झगड़ा होने लगा था। कुछ दिन पहले शिवानी का अपनी सास के साथ झगड़ा हुआ। जिसके बाद वह नाराज होकर अपने मायके आ गई। वह हम लोगों के साथ ही रह रही थी। पत्नी के ममेरे भाई की शादी में आया था सुनील शिवानी के ममेरे भाई की मंगलवार को शादी थी। सुनील दिल्ली से इसमें शामिल होने के लिए आया था। मामा के घर शादी के दिन किसी बात को लेकर पति-पत्नी में झगड़ा हो गया। सुनील ने ससुराल में सबके सामने पत्नी का हाथ पकड़कर खींचा। बेटी के साथ दामाद के व्यवहार को देखकर मामा ने सबके सामने डांट दिया। शिवानी के मामा ने कहा- यह सब यहां नहीं चलेगा, अपने घर जाकर ये सब करना। नाराज होकर सुनील उसी रात शिवानी के मायके पहुंच गया। बुधवार को शादी निपटाने के बाद शिवानी भी मायके पहुंची। परिजन के अनुसार, बुधवार को मायके में शिवानी और दामाद सुनील ही थे। गुरुवार सुबह जब अन्य परिजन घर पहुंचे तो देखा दोनों के कमरे का दरवाजा अंदर से लॉक था। सुबह जब घर में चाय बनी तो घरवालों ने उन्हें जगाने के लिए दरवाजा खटखटाया। कोई रिस्पांस न आने पर शक का अंदेशा हुआ। काफी खटखटाने के बाद घरवालों ने दरवाजा तोड़ा। अंदर पहुंचे तो देखा सुनील फंदे से लटक रहा था और शिवानी बेड पर पड़ी थी। पिता बोले- दामाद ने बेटी की हत्या कर आत्महत्या की मनीष ने बताया- ससुराल में क्लेश के कारण ही शिवानी मायके में रह रही थी। लेकिन सुनील से शिवानी की बात होती रहती थी। दोनों में किसी बात पर झगड़ा हुआ होगा। इसके बाद सुनील ने पहले पत्नी की हत्या की, इसके बाद खुदकुशी कर ली। एसएसपी नीरज कुमार जादौन ने बताया कि दंपती की आत्महत्या की सूचना मिली थी। दोनों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। घटना के कारणों की जांच की जा रही है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। ——————– ये खबर भी पढ़ें… लेम्बोर्गिनी कांड-अरबपति कारोबारी का बेटा गिरफ्तार: VIDEO बनाने पर भड़का; पिता की बचाने की कोशिशें नाकाम, नकली ड्राइवर तक पेश किया कानपुर में तेज रफ्तार लेम्बोर्गिनी से 6 लोगों को टक्कर मारने वाला अरबपति कारोबारी का बेटा आखिरकार गिरफ्तार हो गया। तंबाकू कारोबारी केके मिश्रा ने अपने बेटे को बचाने की तमाम कोशिशें कीं, लेकिन नाकाम रहीं। पहले घटनास्थल से बेटे को हटवाया, फिर कहा कि मेरा बेटा गाड़ी नहीं चला रहा था। पुलिस को मैनेज करने की कोशिश की गई, लेकिन मामला सीएम योगी तक पहुंच गया। जब यह पैतरा एक्सपोज हो गया तो पुलिस कमिश्नर को ही झूठा करार दिया। पढ़ें पूरी खबर…