अलीगढ़ में युवती का फोटो खींचने पर हमला:शिकायत करने पर परिवार से मारपीट; पथराव में 5 घायल

अलीगढ़ जिले के मडराक थाना क्षेत्र में युवती का फोटो खींचने का विरोध करना एक परिवार को भारी पड़ गया। आरोप है कि शिकायत करने से नाराज दबंगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया और पथराव किया। घटना में एक ही परिवार के 5 लोग घायल हो गए। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल मलखान सिंह भेजा गया। मामला गांव कीरतपुर का है। यहां रहने वाले सोमसिंह मेहनत-मजदूरी करते हैं। उनका आरोप है कि गांव के एक युवक ने उनकी बेटी का मोबाइल से फोटो खींच लिया। सोमवार सुबह उन्होंने इसकी शिकायत युवक के परिजनों से की। इस पर युवक के परिजनों ने उसका पक्ष लेते हुए विवाद शुरू कर दिया। विवाद बढ़ने पर सोम सिंह अपने परिवार के साथ घर लौट आए। आरोप है कि इसके बाद दबंग पक्ष ने पीछे से आकर लाठी-डंडों से हमला कर दिया और ईंट-पत्थर फेंककर पथराव किया। हमले में सोम सिंह सहित सोमेष, रजनी, पंकज और विकास घायल हो गए। घटना की सूचना कंट्रोल रूम को दी गई। सूचना मिलते ही मडराक पुलिस गांव पहुंची। इसके बाद पीड़ित थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। उधर, जिला अस्पताल की इमरजेंसी इंचार्ज डॉ. फारुख अंसारी ने बताया कि सभी घायलों को प्राथमिक उपचार और मेडिकल परीक्षण के बाद खतरे से बाहर बताया गया। सोमवार शाम 5 बजे तक सभी अस्पताल से चले गए। …..