लखनऊ के अवध गर्ल्स डिग्री कॉलेज में एनएसएस के सात दिवसीय विशेष शिविर का सोमवार को समापन हो गया हैं । कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाज कल्याण निदेशालय के उप निदेशक राकेश प्रताप सिंह रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में लखनऊ विश्वविद्यालय के एनएसएस समन्वयक प्रो. अमरेंद्र कुमार और कॉलेज की प्राचार्या प्रो. बीना राय मौजूद रहीं। समापन समारोह में छात्राओं ने सांस्कृतिक एकता पर आधारित पारंपरिक नृत्य और मानसिक स्वास्थ्य पर केंद्रित नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। प्रस्तुतियों ने सामाजिक जागरूकता और संवेदनशीलता का प्रभावी संदेश दिया। मुख्य अतिथि राकेश प्रताप सिंह ने स्वयंसेवकों को सामुदायिक सेवा के लिए प्रेरित किया। उन्होंने समाज कल्याण विभाग की छात्रवृत्ति और कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए युवाओं से इन्हें आम लोगों तक पहुंचाने की अपील की। एनएसएस स्वयंसेवकों की भूमिका अहम प्रो. अमरेंद्र कुमार ने कहा कि विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को पाने में युवाओं और एनएसएस स्वयंसेवकों की भूमिका अहम है। वहीं प्राचार्या प्रो. बीना राय ने शिविर में छात्राओं के अनुशासन और समर्पण की सराहना की। सात दिवसीय शिविर में व्यक्तिगत देखभाल कार्यशाला, स्वरक्षा प्रशिक्षण, स्वास्थ्य और स्वच्छता अभियान, वित्तीय साक्षरता, योग-जुंबा और कैबिनेट गंज गांव में सामुदायिक सेवा जैसे कार्यक्रम किए गए। आयोजन एनएसएस कार्यक्रम अधिकारियों मीना कुमारी और कविता यादव के नेतृत्व में संपन्न हुआ। छात्राओं अनुष्का, महिमा, अर्चिसा और इकरा ने शिविर को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई।