चित्रकूट में अवैध खनन, परिवहन और ओवरलोडिंग के खिलाफ प्रवर्तन टास्क फोर्स ने बड़ी कार्रवाई की है। जिलाधिकारी पुलकित गर्ग के निर्देश पर बुधवार को हुई इस कार्रवाई में 10 वाहनों पर ₹3.22 लाख का जुर्माना लगाया गया, जिसे राजस्व मद में जमा कराया गया। चित्रकूट के खान अधिकारी ने बताया कि जिलाधिकारी पुलकित गर्ग के निर्देश पर पिछले एक सप्ताह से लगातार अभियान चलाया जा रहा है। टास्क फोर्स की टीमों ने मुख्य मार्गों, खनन क्षेत्रों और नदियों के आसपास सघन जांच की। इस अभियान के तहत कुल 24 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ₹8.99 लाख का जुर्माना वसूला गया है। जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन और ओवरलोडिंग किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को ऐसे मामलों में और भी कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं, ताकि अवैध खनन पर प्रभावी ढंग से रोक लगाई जा सके। इसके अतिरिक्त, जिलाधिकारी ने खनन से संबंधित सभी वाहनों में वीटीएस प्रणाली के तहत AIS-140 GPS डिवाइस अनिवार्य रूप से लगवाने के निर्देश दिए हैं। इन डिवाइस को विभागीय पोर्टल से इंटीग्रेट किया जाएगा, जिससे वाहनों की रियल टाइम मॉनिटरिंग संभव हो सकेगी और अवैध परिवहन पर अंकुश लगेगा। प्रशासन की इस लगातार कार्रवाई को स्थानीय स्तर पर सख्ती के तौर पर देखा जा रहा है। लगातार चेकिंग और भारी जुर्माने से अवैध खनन में शामिल तत्वों पर लगाम कसने की उम्मीद है।