मेरठ। आईआईएमटी विश्वविद्यालय और मेरठ डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाली आईआईएमटी मेरठ टी-20 लीग के ऑक्शन में खिलाड़ियों पर जमकर बोली लगी। बाएं हाथ के बल्लेबाज रितुराज शर्मा को सिविल लाइन हीरोज ने सर्वाधिक 1,22,500 रुपये में खरीदा। वहीं, इंडिया अंडर-19 टीम के पूर्व कप्तान और आईपीएल में सनराइजर्स हैदराबाद तथा दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा रह चुके प्रियम गर्ग को शुभम स्नेचर्स ने 1,20,000 रुपये में अपनी टीम में शामिल किया। दिव्यांश राजपूत को बीबीसी एलीट ने 80,000 रुपये में खरीदा।
विजय कुमार को मेरठ साउथ वॉरियर्स ने 80,000 रुपये में अपना बनाया, जबकि हर्ष त्यागी को व्हाइट डॉट ने 75,000 रुपये की बोली लगाकर टीम का हिस्सा बनाया। शुभम मिश्रा को मेरठ साउथ वॉरियर्स ने 57,500 रुपये में खरीदा। इंडिया अंडर-19 टीम का हिस्सा रह चुके शुभम मावी को रॉयल चैंप ने 30,000 रुपये में खरीदा। आईआईएमटी मेरठ टी-20 लीग के लिए खिलाड़ियों की नीलामी शनिवार को गढ़ रोड स्थित होटल हार्मनी में हुई। क्रिक गिरी चैंप, मेरठ कैंट कमांडोज, मेरठ सिविल लाइंस हीरोज, साकेत रॉयल चैंप्स, शुभम स्मैशर्स माल रोड, मेरठ साउथ वॉरियर्स, व्हाइट डॉट्स शास्त्रीनगर और बीबीसी एलीट गंगानगर मेवरिक्स के मालिक अपनी टीमों के कोच और सपोर्टिंग स्टाफ के साथ ऑक्शन में मौजूद थे। ऑक्शन के पहले राउंड में बोर्ड ट्रॉफी में खेलने वाले 72 खिलाड़ियों को शामिल किया गया था। वहीं, दूसरे राउंड में ट्रायल में चयनित 158 क्रिकेटरों को शामिल किया गया। आईआईएमटी मेरठ टी-20 लीग के चेयरमैन डॉ. मयंक अग्रवाल ने ऑक्शन की शुरुआत की। ऑक्शन की शुरुआत दिव्यांश राजपूत से हुई, जो यूपी टी-20 लीग में मेरठ मेवरिक्स के बल्लेबाज हैं। दिव्यांश राजपूत की बोली बेस प्राइस 20,000 रुपये से शुरू हुई और देखते ही देखते 80,000 रुपये तक पहुंच गई, जिसके बाद वह बीबीसी एलीट के खिलाड़ी बन गए। अन्य प्रमुख खरीद में बादल सिंह बालियान को शुभम स्नैचर्स ने 60,000 रुपये में खरीदा। समीर चौधरी को साकेत रॉयल चैंप्स ने 77,500 रुपये की बोली लगाकर अपनी टीम में शामिल किया। हरदीप सिंह 57,500 रुपये में रॉयल चैंप में शामिल हुए, जबकि शिवम बंसल पर क्रिकगिरी कंकरखेड़ा ने 52,500 रुपये की बोली लगाई।