आईटीसी रिवर्स नहीं किया तो भरना पड़ा 6 करोड़:जीएसटी विभाग की सख्ती, गलत रिटर्न पर हुई कार्रवाई

अयोध्या में इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) रिवर्स न करने वाले व्यापारियों पर राज्य कर विभाग ने सख्ती बढ़ा दी है। जीएसटी विभाग की कार्रवाई में अब तक करीब 6 करोड़ रुपए सरकार के खाते में जमा कराए जा चुके हैं। उपायुक्त राज्य कर अयोध्या जोन अल्पना वर्मा ने बताया कि जिले में कई व्यापारी करमुक्त वस्तुओं का निर्माण कर रहे हैं या जीएसटी अधिनियम की धारा 17(5) के तहत आईटीसी के पात्र नहीं हैं, इसके बावजूद गलत तरीके से आईटीसी का लाभ ले रहे थे। उन्होंने कहा कि जीएसटी एडवाइजरी के अनुसार जिन व्यापारियों को आईटीसी रिवर्स करनी है, उन्हें अनिवार्य रूप से निर्धारित राशि राजकोष में जमा करनी होगी। ऐसा न करने पर विभागीय कार्रवाई के साथ अर्थदंड का प्रावधान है। रेंज-बी की एसआईबी टीम ने मार्च 2025 से अब तक गलत रिटर्न और आईटीसी रिवर्स न करने के मामलों में यह वसूली की है। मुर्गी दाना कारोबारियों पर विशेष कार्रवाई में दो व्यापारियों से करोड़ों रुपए जमा कराए गए हैं।