आगरा-ग्वालियर रोड पर लगा लंबा जाम:बैंड-बारात फंसी, 10 मिनट का सफर घंटों में तय हुआ

आगरा-ग्वालियर रोड पर रविवार शाम लंबा जाम लग गया। थाना सदर क्षेत्र के रोहता चौराहा और रोहता नहर चौराहे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। इस जाम में बैंड-बारात और अन्य वाहन फंस गए, जिससे 10 मिनट की दूरी तय करने में घंटों लग गए। रविवार शाम करीब 8 बजे शुरू हुआ यह जाम कई किलोमीटर लंबा था। रोहता नहर चौराहे से इटौरा तक और रोहता चौराहे तक वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई। जाम में बैंड की गाड़ियां और प्रशासनिक अधिकारी की गाड़ी भी फंसी नजर आई। जाम में बारात ले जा रही कई बसें और निजी वाहन भी फंसे रहे। एक वाहन चालक पवन ने बताया कि आमतौर पर 10 मिनट में तय होने वाली दूरी को पूरा करने में लगभग 2 घंटे लग गए। बारात में शामिल योगेंद्र ने भी बताया कि उनकी बारात भी जाम में फंस गई। एक बैंड संचालक ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि उन्हें समय पर शादी में पहुंचना था, लेकिन जाम के कारण वे समय पर नहीं पहुंच पा रहे थे। इससे उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। थाना सदर का पुलिस बल रोहता चौराहे पर जाम खुलवाने का लगातार प्रयास करता रहा, लेकिन वाहनों की अधिक संख्या के कारण स्थिति सामान्य होने में काफी समय लगा।