आगरा-ग्वालियर हाईवे पर डंपर ने बाइक को मारी टक्कर:हादसे में पति-पत्नी की गई जान, तीन बच्चे हुए अनाथ

आगरा-ग्वालियर हाईवे पर बुधवार शाम एक सड़क हादसे में बाइक सवार दंपति की मौत हो गई। यह घटना थाना मलपुरा क्षेत्र के नगला माकरौल के पास शाम करीब 5:45 बजे हुई। एक तेज रफ्तार डंपर ने पीछे से बाइक में टक्कर मार दी, जिससे दंपति गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल एसएन मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान मुरैना जिले के थाना बसैया अंतर्गत ग्राम जिगनी निवासी 40 वर्षीय मुकेश यादव और उनकी पत्नी सीमा के रूप में हुई है। दंपति बमरौली अहीर गांव में एक रिश्तेदार के निधन पर शोक व्यक्त करने के बाद अपने घर लौट रहे थे। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने डंपर और बाइक को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, नगला माकरौल के पास सड़क निर्माण कार्य चल रहा है, जिसके कारण वन-वे व्यवस्था लागू है। इस वजह से अक्सर जाम लगता है और दुर्घटनाओं का जोखिम बढ़ जाता है। मृतक दंपति अपने पीछे 15, 12 और 10 वर्ष के तीन बच्चों को छोड़ गए हैं। इस घटना से परिवार और गांव में गहरा दुख है। थाना मलपुरा के अपराध निरीक्षक सचिन जावला ने बताया कि दुर्घटना की जानकारी परिजनों को दे दी गई है। पुलिस तहरीर का इंतजार कर रही है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।