आगरा में 26 जनवरी गोवर्धन स्टेडियम में 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल ने ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर उन्होंने रेलवे सुरक्षा बल की परेड का निरीक्षण किया और सलामी ली। मंडल रेल प्रबंधक ने अपने संबोधन में कहा-आज का दिन भारतीय इतिहास में अत्यंत गौरवपूर्ण है। उन्होंने सभी को संविधान के प्रति निष्ठा की शपथ दिलाई और देश की एकता, अखंडता और समृद्धि के लिए काम करने का आह्वान किया। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले 35 रेलकर्मियों को पुरस्कृत किया गया। समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। मंडल रेल प्रबंधक ने कहा कि आगरा मंडल में अवसंरचना एवं यात्री सुविधाओं में निरंतर सुधार हुआ है। यात्री सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। महिला यात्रियों के लिए “मेरी सहेली” अभियान शुरू किया गया है। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक प्रनव कुमार, महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा ईशानी गोयल, मुख्य परियोजना प्रबंधक/गति शक्ति एमपी सिंह, मुख्य परियोजना प्रबंधक/निर्माण कमलेश कुमार सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।