आगरा में किसान नेता मुकेश डांगुर शनिवार सुबह अपनी फसल लेकर फतेहपुर सीकरी मंडी में आत्मदाह करने जा रहे थे। इससे पहले ही पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर घर पर नजरबंद कर दिया। बाद में पुलिस प्रशासन उन्हें लेकर किरावली तहसील पहुंचा। वहां मुकेश डांगुर और SDM के बीच तीखी बहस हुई। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें गुस्साए किसान नेता मुकेश डांगुर कहते दिख रहे हैं-मैडम, आप झूठ बोल रही हैं। विस्तार से पढ़िए पूरा मामला… फसल को सही दाम दिलाने को लेकर कर रहे थे प्रदर्शन
दरअसल, किसान नेता मुकेश डांगुर पिछले दो दिनों से फसल का उचित मूल्य न मिलने और बिचौलियों की दलाली खत्म करने की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। गुरुवार को उन्होंने किसानों के साथ फतेहपुर सीकरी मंडी में प्रदर्शन किया, जबकि शुक्रवार को अछनेरा मंडी में आंदोलन जारी रखा। मुकेश डांगुर का आरोप है कि किसानों को उनकी मेहनत का उचित दाम नहीं मिल पा रहा, जबकि बिचौलिए मोटी दलाली कमा रहे हैं। इसी कड़ी में उन्होंने शनिवार को फतेहपुर सीकरी मंडी में अपनी फसल को आग लगाने और आत्मदाह करने की चेतावनी दी थी। सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन सक्रिय हो गया और शनिवार सुबह ही उन्हें उनके आवास पर नजरबंद कर लिया गया। बाद में उन्हें SDM कार्यालय ले जाया गया। वहां किसान नेता मुकेश डांगुर और SDM के बीच लंबी नोकझोंक हुई। अब पढ़िए वायरल वीडियो में क्या बहस हुई? SDM: मंडी में जो बाजरा पहुंचा था, वह किसका था? किसान नेता मुकेश डांगुर: आपने कितने किसानों की जांच कराई है, जो मंडी में बाजरा लेकर पहुंचे? कितनों की शिकायत दर्ज कराई है? आप मुझे एक नाम बताइए। आप मेरे पीछे इसलिए पड़ी हैं, क्योंकि मैं बेईमानी के खिलाफ आवाज उठा रहा हूं। SDM: आप सवाल उठा सकते हैं, लेकिन मैं रिकॉर्ड की बात कर रही हूं। किसान नेता: ये रिकॉर्ड मेरा है। चलिए, आप अभी मेरे खेत पर चलिए। आप झूठ बोल रही हैं। SDM: नहीं, मैं झूठ नहीं बोल रही। ये रिकॉर्ड में दर्ज है। किसान नेता: नहीं, आप झूठ बोल रही हैं। आप मेरे खेत पर चलिए। अगर वहां बाजरा नहीं मिले, बाजरे की ठूंठ या कलम न मिले, तो बताइए। आप यहां बैठकर झूठ बोल रही हैं, मैडम। आप एक अधिकारी हैं, फिर भी झूठ बोल रही हैं। आप जांच कीजिए। SDM: चिल्लाइए मत, आप अपनी बात कहिए। किसान नेता: मैं अपनी बात ही कह रहा हूं, लेकिन आप झूठ का साथ दे रही हैं। मुकेश डांगुर ने व्यापारियों से की अभद्रता: SDM
SDM किरावली नीलम तिवारी ने बताया-मुकेश डांगुर ने दो दिन पहले अछनेरा मंडी में भी गल्ला व्यापारियों से अभद्रता की थी। इस बारें में व्यापारियों ने ACP अछनेरा और थानाध्यक्ष को एक शिकायती प्रार्थना पत्र दिया था। इसके साथ ही उन्होंने कहा- मुकेश डांगुर फतेहपुर सीकरी मंडी में 150 क्विंटल से अधिक बाजरा बेचने के लिए लाए थे, लेकिन उनके खिलाफ यह शिकायत मिली थी कि यह बाजरा उनके खेत का उत्पादन नहीं था। किसान नेता बोले-आप मेरे खेत पर चलिए, सबूत देखिए
इसी आरोप पर किसान नेता मुकेश डांगुर SDM पर भड़क गए। उन्होंने SDM पर झूठ बोलने का आरोप लगाया और कहा कि आप मेरे साथ मेरे खेत पर चलिए और सबूत देखिए। घटना के बाद किसान नेता को कई घंटे तक तहसील कार्यालय में नजरबंद रखा गया। ————- ये भी पढ़ें- मोदी ने बच्चे के कंधे पर हाथ रखकर कविता सुनी…VIDEO:हौसला बढ़ाने के लिए चुटकी बजाते रहे; 4 वंदेभारत को हरी झंडी दिखाई पीएम मोदी ने वाराणसी से चार वंदेभारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई। उन्होंने कहा, “अब तो विदेशी यात्री भी वंदेभारत को देखकर अचंभित होते हैं। वंदेभारत भारतीयों की, भारतीयों द्वारा और भारतीयों के लिए बनाई गई ट्रेन है। पहले क्या हम ये कर सकते थे? ये सब तो विदेश में होता था। अब हम कर रहे हैं, हमारे यहां बन रही हैं न।” पढ़िए पूरी खबर…