आगरा में फैक्ट्री मैनेजर के खाते से ठगी:मीटिंग के दौरान साइबर अपराधियों ने खाते से उड़ाए 1 लाख 50 हजार

आगरा में सिकंदरा हाईवे स्थित एक शू फैक्ट्री के मैनेजर का बैंक खाता साइबर अपराधियों ने मिनटों में खाली कर दिया। फैक्ट्री मैनेजर रपिन्द्र सिंह जब ऑफिस में मीटिंग में व्यस्त थे, उसी दौरान उनके खाते से डेढ़ लाख रुपये उड़ा लिए गए। रपिन्द्र सिंह ने बताया कि उन्होंने मीटिंग के दौरान मोबाइल साइलेंट पर रखा था। करीब दो घंटे बाद जब मोबाइल देखा तो बैंक से कई ट्रांजेक्शन मैसेज आए हुए थे। खाते से कुल 1.5 लाख रुपये की निकासी हो चुकी थी। रकम दस-दस हजार रुपये के दस ट्रांजेक्शन और एक 50 हजार रुपये के ट्रांजेक्शन के जरिए एसबीआई और कोटक महिंद्रा बैंक में ट्रांसफर की गई थी। मैनेजर का कहना है कि मोबाइल हैक कर साइबर क्रिमिनल्स ने रकम निकाली है। उन्होंने किसी अनजान लिंक पर क्लिक नहीं किया और न ही किसी को ओटीपी साझा किया। फिर भी खाते से पैसे निकल गए। फ्रॉड की जानकारी मिलते ही रपिन्द्र सिंह ने साइबर क्राइम सेल में शिकायत दी है। साइबर सेल प्रभारी विमल कुमार ने बताया कि टीम रकम को ट्रेस कर उसे होल्ड कराने का प्रयास कर रही है। पहले भी कई मामलों में सेल ने पीड़ितों के पैसे वापस कराए हैं।