आगरा के फतेहाबाद के तालपुरा गांव में रविवार शाम 4 बजे मिट्टी की टीला गिरने से एक महिला की मौत हो गई। महिला अपने मकान की पुताई के लिए मिट्टी लेने गई थी, तभी यह हादसा हुआ। मृतका की पहचान 35 वर्षीय रनियां देवी पत्नी राजेश कुमार के रूप में हुई है। वह गांव के बाहर मिट्टी खोद रही थीं, तभी अचानक ऊपर से मिट्टी का ढेर उन पर गिर गया और वह उसमें दब गईं। पास ही स्थित सीयादेवी आश्रम के बाबा रामभरोसी ने मिट्टी गिरने की तेज आवाज सुनी। उन्होंने तत्काल आसपास के लोगों को सूचना दी। ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद मिट्टी हटाकर महिला को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर इंस्पेक्टर तरुण धीमान पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रनियां देवी के पांच छोटे बच्चे हैं। उनके पति राजेश कुमार पानीपत में हलवाई का काम करते हैं। इस घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।