आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के जीरो पॉइंट पर हुए एक सड़क हादसे में एक कार चालक की मौत हो गई। यह दुर्घटना एक्सप्रेसवे से उतरते समय रिंग रोड के पास हुई। मृतक की पहचान सीकर, राजस्थान निवासी महावीर प्रसाद कुमावत (26) के रूप में हुई है।
बमरौली कटारा थानाध्यक्ष हरीश शर्मा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि एक बलेनो कार आगरा रिंग रोड पर जीरो पॉइंट के पास अनियंत्रित होकर आगे चल रहे एक अज्ञात वाहन से पीछे से टकरा गई।टक्कर इतनी भीषण थी कि कार चालक महावीर प्रसाद कुमावत की मौके पर ही मौत हो गई। कार से मिले आधार कार्ड के आधार पर मृतक की पहचान महावीर प्रसाद कुमावत पुत्र सुखदेव राम, निवासी वार्ड नंबर 8, नक्यावली, भुरडो का बास, सीकर (राजस्थान) के रूप में हुई। पुलिस ने परिजनों को घटना की सूचना दे दी है और शव को पोस्टमार्टम के लिए एसएन मोर्चरी भेज दिया गया है। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।