आगरा GST विभाग का गुटखा कारोबारी के ठिकानों पर छापा:स्टॉक की लेखा-पुस्तकों में मिली हेराफेरी, फर्म मालिक बोले- 8 लाख जल्द जमा करेंगे

आगरा जिले की एक नामी गुटखा फर्म के गोदाम समेत 15 से ज्यादा ठिकानों पर जीएसटी ने छापा मारा। इस दौरान टीमों ने कारोबार से जुड़े दस्तावेजों को अपने कब्जे में ले लिया। टीम को करोड़ों की कर चोरी की आशंका है। जगनेर स्थित फर्म एम/एस बीके इंटरप्राइजेज और एम/एस गर्ग एंड संस पर विभागीय जांच फर्म के मुख्य व्यापार स्थल पर की गई। इन दोनों फर्मों द्वारा पान-मसाला और तंबाकू और ज़र्दा की खरीद और बिक्री का कार्य किया जा रहा है। टीम द्वारा दोनों फर्मों के मुख्य व्यापार स्थल पर रखे समस्त स्टॉक को नोट करते हुए उनका मिलान फर्म की लेखा-पुस्तकों से किया गया। जिसमें 5.22 लाख और 1.47 लाख का स्टॉक लेखा पुस्तकों से कम पाया गया। टीम ने एक घंटे तक खंगाले दस्तावेज
स्टॉक में पाए गए अंतर के आधार पर एम/एस बीके इंटरप्राइजेज में टैक्स, पेनल्टी और सेस के मद में कुल रुपए 6.17 लाख और एम/एस गर्ग एंड संस में टैक्स, पेनल्टी और सेस के मद में रुपए 2.20 लाख जल्दी जमा करने का आश्वासन उपस्थित व्यक्ति द्वारा दिया गया। जीएसटी की टीम ने मंगलवार सुबह करीब 11 बजे जगनेर स्थित एक नामी गुटखा के गोदाम पर छापा मारा। यहां करीब एक घंटे तक टीम ने दस्तावेजों को खंगाला और जानकारी के आधार पर उससे जुड़े कई डिस्ट्रीब्यूटरों के ठिकानों पर पहुंच गई। इन सभी ठिकानों पर सुबह से खरीद-बिक्री और सप्लाई से जुड़े दस्तावेजों को भी चेक किया गया। सूत्रों के अनुसार इस दौरान टीमों को काफी नकदी भी मिली है, जिसके लिए कारोबारियों से पूछताछ भी की गई। विभागीय सूत्रों का कहना है कि जांच के दौरान उत्पादन व बिक्री कागजों में कम दिखाकर करोड़ों रुपए की कर चोरी की गई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आधिकारिक रूप से कुछ कहा जा सकता है।