आजमगढ़ में बदमाशों ने युवक की गोली मारी, मौत:पत्नी बोली- बुआ से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था, SSP ने गठित की टीमें

आजमगढ़ शहर कोतवाली क्षेत्र के जुनैदगंज बाईपास पर मंगलवार को जमीनी विवाद को लेकर एक युवक की बाइक सवार बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद मौके पर स्थानीय लोग जुटे और गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल मंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान 41 वर्षीय रजनीश पांडेय उर्फ राजू पांडे, पुत्र राघव पांडे के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलने के बाद जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार जिला अस्पताल पहुंचे और वहां मृतक के परिजनों से बात की। SSP ने मौके पर ही पुलिस टीमों का गठन करते हुए कहा कि घटना के खुलासे के लिए हर जरूरी कार्रवाई की जा रही है।

हॉस्पिटल में ही मृतक की पत्नी हुई बेहोश
पति को गोली लगने की सूचना पर मृतक की पत्नी रंजना पांडे भी अस्पताल पहुंचीं, जहां सदमे में वह बेहोश हो गईं। इस दौरान बड़ी संख्या में महिला पुलिसकर्मी उन्हें संभालती नजर आईं। परिवार का माहौल करुणा और आक्रोश दोनों से भरा था। पत्नी ने बताया-बुआ से चल रहा था जमीनी विवाद मृतक की पत्नी रंजना पांडे ने बताया कि परिवार का एक जमीनी विवाद उनकी बुआ से चल रहा है और यह मामला न्यायालय में भी विचाराधीन है। उनका कहना है कि विवाद को लेकर लगातार तनाव बना हुआ था, और इसी रंजिश में आज रजनीश की जान ले ली गई। SSP बोले- खुलासे के लिए टीमों का गठन किया गया
SSP डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि प्रारंभिक जांच में मामला जमीन विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। “पुलिस की कई टीमें गठित कर दी गई हैं। जल्द ही घटना का खुलासा कर अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस पूरे प्रकरण की गहन जांच कर रही है और इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।​​​​​​