आजमगढ़ जिले में बाइक से स्टंटबाजी किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मामले की जानकारी मिलने के बाद जिले के एसएसपी डॉक्टर अनिल कुमार के निर्देश पर स्टंटबाजी करने वाले आरोपियों की पहचान पुलिस ने शुरू कर दी। इसी क्रम में एक नाबालिक द्वारा दो पहिया वाहन से किए जा रहे स्टंट को देखते हुए बाइक सीज कर दिया गया है। इसके साथ ही ₹7000 का जुर्माना भी लगाया गया है। पहली घटना जिले के बिलरियागंज थाना क्षेत्र की है। वहीं जिले के रौनापार थाना क्षेत्र में सार्वजनिक स्थल पर स्टंटबाजी करने के मामले में गुजरात नंबर की बाइक सीज करने के साथ ही ₹10000 का जुर्माना भी लगाया गया है। जिले में लगातार स्टंटबाजी की घटनाएं बढ़ रही है। जिससे सड़क पर चलने वाले लोगों को काफी समस्या हो रही है। एसपी ग्रामीण ने की आम जनता से अपील जिले के एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग यातायात नियमों का पालन करें। नाबालिक बच्चों को बाईक न दें। इसके साथ ही स्टंटबाजी जैसे खतरनाक कृत्यों से अपने बच्चों को दूर रखें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध लगातार जिले की पुलिस प्रभावी कार्रवाई कर रही है। ऐसे में आम जनमानस भी इसमें सहयोग करें जिससे की स्टंटबाजी की घटनाओं को रोका जा सके। बाइक से स्टंटबाजी से आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। ऐसे में हम सभी की जागरूकता से इस तरह की घटनाओं को रोका जा सकता है।