आजम खान से मुख्तार के भाई-भतीजे की मुलाकात:यूपी की सियासत में बढ़ी हलचल, पूर्वांचल से रामपुर तक चर्चा

समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान से मुख्तार अंसारी के बड़े भाई सिबगतुल्लाह अंसारी और भतीजे सुहेब उर्फ मन्नू अंसारी ने मुलाकात की है। इस मुलाकात से उत्तर प्रदेश की सियासत में नई हलचल पैदा हो गई है। पूर्व विधायक सिबगतुल्लाह अंसारी और मोहम्मदाबाद से सपा विधायक सुहेब उर्फ मन्नू अंसारी ने आजम खान के स्वास्थ्य की जानकारी ली। इस दौरान राजनीतिक हालात पर भी विस्तार से चर्चा हुई। सूत्रों के अनुसार, यह मुलाकात सौहार्दपूर्ण माहौल में हुई। इसमें पार्टी की मौजूदा रणनीति और पूर्वांचल में संगठन को मजबूत करने पर भी बात हुई। अंसारी परिवार और आजम खान का समाजवादी राजनीति में पुराना और गहरा संबंध रहा है। दोनों परिवारों को सपा के प्रभावशाली चेहरों में गिना जाता है। आजम खान पश्चिमी यूपी में मुस्लिम नेतृत्व का प्रतिनिधित्व करते हैं, जबकि अंसारी परिवार की पूर्वांचल में मजबूत पकड़ है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इन दोनों ध्रुवों का फिर से करीब आना सपा के भीतर संगठनात्मक संतुलन बनाने का प्रयास है। यदि यह संबंध मजबूत होता है, तो इससे पूर्वांचल से लेकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक पार्टी को एकजुटता का संदेश मिलेगा। सूत्रों के अनुसार, हाल के महीनों में आजम खान और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के बीच कुछ नाराजगी के संकेत मिले थे। पार्टी नेतृत्व की कोशिश है कि इस दूरी को कम करके आजम खान को फिर से सक्रिय भूमिका में लाया जाए। माना जा रहा है कि अंसारी परिवार को इस ‘डैमेज कंट्रोल’ की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनकी यह मुलाकात इसी पहल का एक हिस्सा है। राजनीतिक गलियारों में यह कयास लगाए जा रहे हैं कि आगामी चुनावी सत्र में यह मुलाकात समाजवादी पार्टी की मुस्लिम राजनीति को फिर से मजबूती देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण संकेत हो सकती है।