आप ने रामपुर में बांग्लादेश सरकार का पुतला फूंका:हिंदुओं पर अत्याचार पर मोदी सरकार से कड़े कदम उठाने की मांग

आम आदमी पार्टी (आप) ने बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों पर कथित अत्याचारों के विरोध में रामपुर में प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने बांग्लादेश सरकार का पुतला फूंका और केंद्र की मोदी सरकार से इस मामले में कड़े कूटनीतिक और आर्थिक कदम उठाने की मांग की। शनिवार को हुए इस प्रदर्शन का नेतृत्व आप के प्रदेश प्रवक्ता फैसल खान लाला और जिला नेता अंसार अहमद ने किया। शहर के प्रमुख चौराहे पर एकत्र हुए कार्यकर्ताओं ने बांग्लादेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने आरोप लगाया कि बांग्लादेश में हिंदू समुदाय को लगातार निशाना बनाया जा रहा है। मंदिरों पर हमले, महिलाओं और बच्चों के साथ बर्बरता तथा भय के कारण पलायन की घटनाएं बढ़ रही हैं। आप ने इन घटनाओं को मानवाधिकारों का गंभीर उल्लंघन बताया। फैसल खान लाला ने कहा कि भारत जैसे लोकतांत्रिक देश को पड़ोसी राष्ट्र में हो रहे इन अत्याचारों पर चुप नहीं रहना चाहिए। उन्होंने केंद्र सरकार से बांग्लादेश के साथ व्यापारिक और कूटनीतिक संबंधों की समीक्षा करने और जब तक हिंदू अल्पसंख्यकों की सुरक्षा की ठोस गारंटी नहीं मिलती, तब तक कड़े प्रतिबंध लगाने की मांग की। आप नेताओं ने अडानी समूह द्वारा बांग्लादेश को दी जा रही बिजली आपूर्ति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि भारत के संसाधनों का उपयोग ऐसे देश के लिए नहीं होना चाहिए, जहां अल्पसंख्यकों का उत्पीड़न हो रहा हो। साथ ही, शेख हसीना को भारत में दिए जा रहे संरक्षण पर भी आपत्ति जताते हुए कहा गया कि इससे वहां भारत विरोधी और हिंदू विरोधी भावनाएं भड़क रही हैं। पार्टी ने चेतावनी दी कि यदि केंद्र सरकार ने जल्द ठोस कदम नहीं उठाए तो देशभर में आंदोलन तेज किया जाएगा।