आम बजट 2026 को लेकर भारतीय जनता पार्टी द्वारा व्यापक जनसंवाद एवं जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत पार्टी संगठनात्मक स्तर पर सभी जिलों, मंडलों और बूथों पर आम बजट का लाइव प्रसारण कराएगी, ताकि आमजन और कार्यकर्ता सीधे बजट से जुड़ सकें। यह निर्णय राष्ट्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व के निर्देशों के अनुपालन में भाजपा कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल द्वारा लिया गया। उन्होंने कहा कि आम बजट देश के विकास की दिशा तय करने वाला महत्वपूर्ण दस्तावेज है और इसे जन-जन तक पहुंचाना भाजपा की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि 2 फरवरी से 10 फरवरी के बीच कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के सभी जिलों में बजट को लेकर संगोष्ठियां, परिचर्चाएं और संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से बजट की प्रमुख विशेषताओं, जनकल्याणकारी प्रावधानों और विकसित भारत के संकल्प को जनता के समक्ष रखा जाएगा। क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी ने बताया कि इस अभियान के संयोजन की जिम्मेदारी क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अनीता गुप्ता को सौंपी गई है। उनके साथ क्षेत्रीय मंत्री पवन प्रताप सिंह, संजीव पाठक और चार्टर्ड अकाउंटेंट अवधेश मिश्रा सह-संयोजक के रूप में अभियान का संचालन करेंगे।