आरोपी ने हवालात में जान देने की कोशिश की:हुडी के फीते से गला कसा, पुलिस ने बचाया; अस्पताल में भर्ती

फिरोजाबाद में साली के उत्पीड़न के आरोप में गिरफ्तार एक युवक ने बुधवार को थाने की हवालात में आत्महत्या का प्रयास किया। उसने अपनी हुडी के फीते से गला कस लिया था। पहरे पर तैनात एक पुलिसकर्मी की सतर्कता से उसकी जान बच गई। पुलिसकर्मियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए युवक को सुरक्षित बाहर निकाला। उसे तत्काल सरकारी ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहाँ उसका इलाज चल रहा है। उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार, नई बस्ती मोहम्मदपुर नवादा निवासी सोमेंद्र ने मंगलवार को मक्खनपुर थाने में अपने चचेरे भाई वीरेंद्र के खिलाफ साली के उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कराया था। वीरेंद्र नगला हरिकिशनपुर, थाना सकीट, जनपद एटा का निवासी है। पुलिस ने वीरेंद्र को हिरासत में लेकर हवालात में रखा था। हवालात के अंदर हुई इस घटना के बाद पुलिस विभाग सतर्क हो गया है। अधिकारियों ने मामले की विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं। यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी ने हवालात में यह कदम कैसे और किन परिस्थितियों में उठाया। पुलिस ने बताया कि इस पूरी घटना की जानकारी उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है।