प्रयागराज में माघ मेला शुरू होने से पहले जमीन आवंटन को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। आह्वान और अग्नि अखाड़े के साधु-संतों ने जमीन न मिलने से नाराज होकर मेला प्राधिकरण कार्यालय के बाहर धरना शुरू कर दिया। साधु-संतों का कहना है कि मेला शुरू होने में अब कुछ ही दिन बचे हैं, लेकिन अब तक उन्हें जमीन आवंटित नहीं की गई है। साधु संतों ने मेला प्राधिकरण पर आरोप लगाया की 10 दिनों से चक्कर काट रहे हैं लेकिन जमीन नही दी जा रही है। धरने पर बैठे साधु-संतों ने आरोप लगाया कि मेला की तैयारियां अभी भी अधूरी हैं। ठंड के मौसम में जमीन न मिलने के कारण उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना है कि बार-बार तारीख दी जा रही है, लेकिन जमीन अब तक नहीं मिली है। साधु-संतों ने कहा कि मेला शुरू होने वाला है और अगर जल्द जमीन नहीं मिली तो उन्हें अपना कैंप लगाने का समय नहीं मिलेगा। इससे अखाड़ों और संत समाज को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। इसी मांग को लेकर साधु-संत करीब दो घंटे से मेला प्राधिकरण कार्यालय के सामने धरने पर बैठे हैं।