इंस्टाग्राम पर दोस्ती में महिला से ठगी:आगरा में विदेशी गिफ्ट के बहाने साइबर ठग ने महिला से ऐंठे 1 लाख रुपए

न्यू आगरा की एक शादीशुदा महिला इंस्टाग्राम पर बने रिश्ते के चक्कर में साइबर ठगी का शिकार हो गई। साइबर अपराधियों ने प्रेमजाल और महंगे गिफ्ट का लालच देकर महिला से एक लाख रुपये हड़प लिए।
इंस्टाग्राम और फेसबुक पर दोस्ती कर लोगों को ठगने के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। पुलिस लगातार जागरूकता अभियान चला रही है, फिर भी लोग साइबर क्रिमिनल्स के झांसे में आ रहे हैं। न्यू आगरा क्षेत्र की एक महिला भी ऐसे ही एक गैंग का शिकार बन गई। महिला की पहचान इंस्टाग्राम पर एक युवक से हुई। युवक ने खुद को विदेश में कारोबारी बताया। लगातार नॉर्मल और वीडियो कॉल पर बात होने के कारण महिला उस पर भरोसा करने लगी। दोनों ने मिलने की योजना भी बनाई। युवक ने कहा कि वह महिला को एक महंगा गिफ्ट देकर मिलने आ रहा है। इसी दौरान महिला को युवक का कॉल आया। उसने बताया कि एयरपोर्ट पर कस्टम अधिकारियों ने उसे रोक लिया है और गिफ्ट भी जब्त कर लिया है। उसे छुड़ाने के लिए एक लाख रुपये की मांग की जा रही है। दहशत में आई महिला ने इधर-उधर से पैसे जोड़कर बताए गए खाते में रुपये ट्रांसफर कर दिए। रकम मिलते ही साइबर अपराधी ने और पैसे मांगने शुरू कर दिए। कॉल के दौरान वह महिला की वीडियो कॉल रिकॉर्डिंग भी कर चुका था। रिकॉर्डिंग दिखाकर उसने ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। पैसे न देने पर ठग ने उसकी रिकॉर्डिंग इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर दी। बदनामी का डर और लगातार बढ़ रही धमकियों से परेशान महिला ने साइबर क्राइम सेल में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस अब आरोपी सोशल मीडिया अकाउंट और बैंक ट्रांजैक्शन की जांच कर रही है।