इंस्टाग्राम पर ब्यूटीशियन ने लाइव फांसी लगाई:वीडियो में बोली- तुमसे बहुत प्यार करती हूं, लखनऊ पुलिस 8 मिनट में पहुंची

लखनऊ के विभूतिखंड में एक ब्यूटीशियन ने इंस्टाग्राम पर लाइव आकर फांसी लगा ली। उसकी पहचान अंबेडकरनगर के मालीपुर के डिगी गांव की जया पांडेय (25) के रूप में हुई। उसके इंस्टाग्राम पर लाइव आकर सुसाइड अटेंप्ट करते ही मेटा ने पुलिस को अलर्ट भेजा। पुलिस 8 मिनट में पहुंच गई लेकिन तब तक ब्यूटीशियन फंदे पर झूल चुकी थी। पुलिस ने उसे लोहिया अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उसका चेकअप करने के बाद मृत घोषित कर दिया। वीडियो में ब्यूटीशियन कहते सुनी गई कि मैं तुमसे बहुत प्यार करती हूं…। ‘मैं आत्महत्या कर रही हूं’ जया पिछले कुछ महीने से विभूतिखंड के विजयीपुर में दुर्गा पांडेय के मकान में किराए पर रह रही थी। सुबह करीब 11 बजे उसका इंस्टाग्राम लाइव वीडियो सामने आया। वीडियो में जया किसी से अपने प्यार का जिक्र करती हुई आत्महत्या की बात कह रही थी। वह कहती देखी गई कि मैं तुमसे बहुत प्यार करती हूं। आज मैं आत्महत्या कर रही हूं। इसके अलावा उसने और भी कई बातें कही हैं। इंस्पेक्टर अमर सिंह के मुताबिक, मेटा अलर्ट मिलते ही पास में गश्त कर रही टीम को भेजा गया। पहुंचने पर कमरा अंदर से बंद मिला। चादर के सहारे पंखे से लटकी मिली पुलिस दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंची तो जया पंखे से चादर के सहारे लटकी मिली। पुलिस को मौके से जया के दो मोबाइल फोन मिले, जिनमें पैटर्न लॉक लगा था। पुलिस का मानना है कि फोन अनलॉक होने पर प्रेम प्रसंग, चैट और अंतिम बातचीत की जानकारी मिल सकेगी। पिता बोले- घटनास्थल पर नहीं ले गई पुलिस जया के पिता सत्यदेव पांडेय का आरोप है कि पुलिस उन्हें न तो घटनास्थल ले गई और न ही उनकी बेटी का लाइव वीडियो दिखाया गया। इंस्पेक्टर अमर सिंह ने बताया कि परिजन तुरंत आने को तैयार नहीं थे, काफी समझाने के बाद वे शाम 4 बजे लखनऊ पहुंचे। इसके बाद शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। अभी तक परिजन ने कोई तहरीर नहीं दी है।