इकदिल में ट्रक ने बुजुर्ग को कुचला:मानिकपुर चौकी के पास सड़क हादसे में मौके पर मौत, ग्रामीणों ने लगाया जाम

इटावा के इकदिल थाना क्षेत्र में मानिकपुर चौकी के पास शुक्रवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में 62 वर्षीय बुजुर्ग की दर्दनाक मौत हो गई। ईंटों से भरे तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे खड़े बुजुर्ग को कुचल दिया, जिससे उनका शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया। घटना के बाद गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगा दिया। पुलिस और ब्लॉक प्रमुख के समझाने के बाद करीब दो घंटे बाद यातायात बहाल हो सका। ग्राम पंचायत बरा खेड़ा के मजरा अड्डा अजुद्धि निवासी गोपाल (62) पुत्र छुटकई शुक्रवार शाम करीब साढ़े पांच बजे घर का जरूरी सामान लेने के लिए मानिकपुर मोड़ दादोरा मार्ग पर आए थे। सामान खरीदने के बाद वह मानिकपुर चौकी के पास सड़क किनारे खड़े थे। इसी दौरान इटावा की तरफ जा रहा ईंटों से लदा तेज रफ्तार ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया और बुजुर्ग को जोरदार टक्कर मार दी। सिर के ऊपर से गुजर गया ट्रक का पहिया टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रक का पहिया सीधे बुजुर्ग के सिर के ऊपर से गुजर गया। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई और शरीर बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की सूचना तुरंत पुलिस और परिजनों को दी। कुछ ही देर में बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए। गुस्साए परिजनों ने लगाया जाम हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। गुस्साए परिजन और ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिससे मार्ग पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया। करीब दो घंटे तक सड़क पर लंबा जाम लगा रहा और दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। पुलिस और ब्लॉक प्रमुख ने समझाकर खुलवाया जाम सूचना मिलते ही इकदिल थाना प्रभारी विक्रम सिंह चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उनके साथ बढ़पुरा ब्लॉक प्रमुख गणेश राजपूत भी घटनास्थल पर पहुंचे और शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया। काफी समझाने और उचित कार्रवाई का आश्वासन देने के बाद परिजन माने और करीब दो घंटे बाद जाम खुल सका। बेटे ने बताया कि पिता गोपाल मेहनत मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी फूलन देवी और दो बेटे रामरूप तथा कल्याण सिंह हैं। घर के मुखिया की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और ट्रक को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।