इटावा। जिला बार एसोसिएशन चुनाव परिणामों की मतगणना रात 9 बजे पूरी होने के साथ ही नई कार्यकारिणी का ऐलान कर दिया गया। इस चुनाव में अध्यक्ष पद पर राजेश त्रिपाठी, महामंत्री पद पर नितिन तिवारी और कोषाध्यक्ष पद पर प्रभाकर त्रिपाठी ने महत्वपूर्ण जीत दर्ज की। परिणाम सामने आते ही कचहरी परिसर में खुशी और उल्लास का माहौल दौड़ गया। समर्थकों ने ढोल-नगाड़े बजाकर, आतिशबाजी कर और एक-दूसरे का मुंह मीठा कराते हुए जीत का जश्न मनाया। बार चुनाव में इस बार उत्साह देखने लायक रहा। कुल 951 पंजीकृत अधिवक्ताओं में से 867 ने मतदान किया, जोकि 91 प्रतिशत मतदान रहा। चुनाव में 23 पदों के लिए मतदान होना था, जिनमें अध्यक्ष पद पर 5, महामंत्री पद पर 4, कोषाध्यक्ष पर 2, वरिष्ठ उपाध्यक्ष पर 3, कनिष्ठ उपाध्यक्ष पर 4, सदस्य पद पर 6 प्रत्याशी मैदान में थे। जबकि वरिष्ठ सदस्य के 6 पद मतदान से पूर्व ही निर्विरोध चुन गए थे। पद विजेता उम्मीदवार प्राप्त मत उपविजेता उम्मीदवार प्राप्त मत अध्यक्ष राजेश त्रिपाठी 349 , प्रबल प्रताप सिंह 207,
महामंत्री नितिन तिवारी 429, अरुण कुमार उर्फ बॉबी 198,
कोषाध्यक्ष प्रभाकर त्रिपाठी 462, कृष्ण मुरारी यादव 396 मत मिले। परिणामों से स्पष्ट रहा कि तीनों प्रमुख पदों पर विजेताओं ने अपने प्रतिद्वंद्वियों पर निर्णायक बढ़त बनाई। भारी सुरक्षा व्यवस्था में शांति से हुआ चुनाव मतदान और मतगणना के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था न हो, इसके लिए न्यायालय परिसर में भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। न्यायालय गेटों पर बैरिकेडिंग, अंदर निगरानी और कर्मचारियों व अधिवक्ताओं की सक्रियता के चलते पूरा चुनाव शांतिपूर्वक सम्पन्न हुआ। परिणाम घोषित होते ही समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों और पटाखों के साथ जश्न मनाया। विजयी प्रत्याशियों के गले में फूल मालाओं की लंबी कतारें नजर आईं। देर रात तक अधिवक्ताओं के बीच बधाइयों का दौर चलता रहा। अधिवक्ताओं का हित हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता” विजय होने के बाद मीडिया से बात करते हुए नवनिर्वाचित अध्यक्ष राजेश त्रिपाठी ने कहा, हमारी प्राथमिकता अधिवक्ताओं का हित रहेगा। हम अपने कार्यकाल में अधिवक्ताओं की सुविधाओं के विस्तार, उनके कार्यस्थल और संसाधनों को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान देंगे। जो भी कदम अधिवक्ता समाज के हित में होंगे, उन सभी को वरीयता के साथ लागू किया जाएगा। हमारी जीत में सबसे अधिक युवा अधिवक्ताओं ने साथ दिया मैं उनका आभारी हूं। उन्होंने कहा कि बार संघ की एकता को मजबूत रखते हुए सभी अधिवक्ताओं के अधिकारों एवं हितों की रक्षा की जाएगी। नई कार्यकारिणी से अधिवक्ता समाज को उम्मीदें नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने एक स्वर में कहा कि वे बार संघ को मजबूत बनाने, अधिवक्ता सुविधाओं को बढ़ाने और कार्य-संस्कृति को सुचारु करने के लिए मिलकर काम करेंगे। अब अधिवक्ता समाज की निगाहें नई टीम के कार्यों पर टिक गई हैं।