इटावा में एआरटीओ कार्यालय में मारपीट:कार में लगाई आग, दमकल विभाग ने पाया काबू; जांच में जुटी पुलिस

इटावा में फेसबुक पोस्ट को लेकर शुरू हुआ विवाद शुक्रवार शाम इटावा में हिंसक झगड़े और आगजनी में तब्दील हो गया। सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित एआरटीओ कार्यालय में पहले मारपीट हुई। इसके बाद पीड़ित युवक की कार छीन ली गई। कुछ देर बाद एआरटीओ कार्यालय के बाहर खड़ी कर उसमें आग लगा दी गई। घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पुलिस और दमकल विभाग मौके पर पहुंचे। एआरटीओ कार्यालय में मारपीट का आरोप भरथना चौराहा निवासी राहुल गुप्ता पुत्र रामशरण शुक्रवार शाम किसी कार्य से एआरटीओ कार्यालय पहुंचे थे। राहुल का आरोप है कि वहां मौजूद संविदाकर्मी रवि दुबे और उसके साथियों ने फेसबुक पोस्ट को लेकर उनसे विवाद किया और जमकर मारपीट की। मारपीट के बाद राहुल ने मोहल्ले में रहने वाले अपने बड़े भाई को फोन कर घटना की जानकारी दी। शिकायत कराने जाते समय छीनी कार राहुल गुप्ता के अनुसार, उनका एक मित्र अल्टो कार (नंबर UP 51 R 2590) से मौके पर पहुंचा। इसके बाद दोनों सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराने जा रहे थे। इसी दौरान जिला अस्पताल के पास रवि दुबे अपने 10–12 साथियों के साथ वहां पहुंचा और एक बार फिर मारपीट की। आरोप है कि हमलावरों ने कार छीन ली और कुछ देर बाद एआरटीओ कार्यालय के बाहर लाकर उसमें आग लगा दी। दमकल विभाग ने पाया आग पर काबू कार में आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम एक फायर टेंडर के साथ मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थी। सिविल लाइन थाना प्रभारी केके मिश्रा ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, एफएसओ सुभाष चंद्र ने बताया कि कंट्रोल रूम से सूचना मिलने पर दमकल टीम को मौके पर भेजा गया था और आग को समय रहते बुझा लिया गया। आग लगने के कारणों की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।