इटावा के थाना कोतवाली क्षेत्र के घटिया अजमत अली मोहल्ले में 20 वर्षीय नवविवाहिता की संदिग्ध हालात में फांसी लगने से मौत हो गई। महिला घर के अंदर फंदे से लटकी मिली। मोहल्ले के लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। दरवाजा अंदर से बंद था, जिसे खुलवाकर पुलिस ने शव को नीचे उतारा और जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए जांच शुरू कर दी है। मृतका की पहचान मोहनी पत्नी हरिओम, निवासी मकान नंबर 328, घटिया अजमत अली के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मोहल्ले के लोगों को घर के अंदर कुछ संदिग्ध स्थिति का आभास हुआ, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही थाना कोतवाली पुलिस और क्राइम इंस्पेक्टर मौके पर पहुंच गए। घर का गेट अंदर से बंद मिला, जिसे खुलवाकर पुलिस टीम अंदर दाखिल हुई। पुलिस ने महिला को फांसी के फंदे से उतारकर तुरंत जिला अस्पताल भिजवाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मौत के असली कारणों की पुष्टि हो सकेगी। मौके पर पहुंचे सीओ सिटी अभय नारायण राय ने बताया कि महिला की शादी करीब एक साल पहले ही हुई थी। उन्होंने कहा कि महिला ने किन परिस्थितियों में यह कदम उठाया, इसकी गहराई से जांच की जा रही है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।