इटावा में उत्तर प्रदेश नागरिक पुलिस भर्ती परीक्षा को शांतिपूर्ण, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है। जिलाधिकारी शुभ्रान्त कुमार शुक्ल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने रेलवे स्टेशन और बस स्टेशन का निरीक्षण कर बाहर से आए अभ्यर्थियों के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने अभ्यर्थियों से सीधे बातचीत कर उनकी यात्रा, ठहरने और अन्य सुविधाओं के बारे में जानकारी भी ली। परीक्षा को लेकर व्यवस्थाओं का लिया जायजा निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने रेलवे स्टेशन और बस स्टेशन पर पहुंचकर वहां मौजूद अभ्यर्थियों से बातचीत की। उन्होंने अभ्यर्थियों से पूछा कि उन्हें यात्रा, ठहरने या अन्य किसी प्रकार की दिक्कत तो नहीं हो रही है। अधिकारियों ने अभ्यर्थियों को भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन और पुलिस विभाग द्वारा परीक्षा को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं की गई हैं और उनकी सुविधा का पूरा ध्यान रखा जा रहा है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दिए सख्त निर्देश वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए रेलवे स्टेशन और बस स्टेशन पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की सघन चेकिंग, सतर्क निगरानी और लगातार गश्त करने को कहा गया, ताकि परीक्षा के दौरान कानून व्यवस्था पूरी तरह मजबूत बनी रहे और किसी भी तरह की अव्यवस्था न हो। अभ्यर्थियों की सुविधा को दी जा रही प्राथमिकता जिला प्रशासन और इटावा पुलिस की ओर से अभ्यर्थियों की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सभी जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि पुलिस भर्ती परीक्षा को जनपद में पूरी तरह सुरक्षित, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित माहौल में सम्पन्न कराने के लिए हर स्तर पर तैयारी की गई है। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी अभिनव रंजन समेत प्रशासन और पुलिस के अन्य अधिकारी व कर्मचारी भी मौजूद रहे।