इटौंजा में बाइक सवार से मोबाइल छीना:पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की, आरोपियों की तलाश जारी

इटौंजा थाना क्षेत्र में बुधवार शाम एक बाइक सवार युवक से मोबाइल छीनने की घटना सामने आई है। अटारिया के अनिरुद्धपुर गांव निवासी राजन से दो अज्ञात बाइक सवारों ने मोबाइल फोन छीना और फरार हो गए। यह घटना बुधवार शाम करीब 6 बजे हुई। पीड़ित राजन अपनी पत्नी को लेने जा रहे थे और रास्ते में मोबाइल पर उनसे बात कर रहे थे। तभी पीछे से आए दो बाइक सवार युवकों ने झपट्टा मारकर उनका मोबाइल फोन छीन लिया। इसके बाद आरोपी तेजी से मौके से फरार हो गए। राजन ने लुटेरों का काफी दूर तक पीछा किया, लेकिन वे पकड़ में नहीं आ सके। यह घटना इटौंजा थाना क्षेत्र के ग्राम बेलवा स्थित सीतापुर रोड पर हुई। घटना की सूचना मिलते ही इटौंजा पुलिस मौके पर पहुंची। पीड़ित की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान और तलाश में जुटी हुई है।