राष्ट्रीय पर्यटन दिवस के अवसर पर कानपुर दर्शन पर्यटन यात्रा का शुभारंभ किया गया। पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सोसायटी फॉर टूरिज्म डेवलपमेंट द्वारा आयोजित इस यात्रा को मुख्य अतिथि डॉ. इंद्र मोहन रोहतगी ने यूनाइटेड पब्लिक स्कूल परिसर से हरी झंडी दिखाई। इस दौरान विद्यालय के विद्यार्थी, शिक्षकगण और पर्यटन सोसायटी से जुड़े पदाधिकारी मौजूद रहे। डॉ. इंद्र मोहन रोहतगी ने इस अवसर पर कहा कि कानपुर कला और संस्कृति की दृष्टि से एक समृद्ध शहर है, जिसमें पर्यटकों को आकर्षित करने की पूरी क्षमता है। उन्होंने जोर दिया कि यदि शहर की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत को सही ढंग से प्रस्तुत किया जाए, तो कानपुर पर्यटन के क्षेत्र में अपनी एक नई पहचान बना सकता है। टूरिज्म डेवलपमेंट सोसाइटी के संस्थापक डॉ. सिधांशु राय ने बताया कि कानपुर पौराणिक, धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों का संगम है। उन्होंने सुझाव दिया कि मेडिकल टूरिज्म, आर्टिफिशियल टूरिज्म और ग्रामीण पर्यटन जैसे नए उभरते आयामों पर काम करके कानपुर को एक प्रमुख पर्यटन हब के रूप में विकसित किया जा सकता है। इससे न केवल शहर की पहचान बढ़ेगी, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे। सोसाइटी के कोषाध्यक्ष रोचक रोहतगी ने विद्यार्थियों को अपने शहर के पर्यटन स्थलों की जानकारी होने के महत्व पर बल दिया, ताकि वे अपनी संस्कृति और विरासत से परिचित हो सकें। वहीं, सोसाइटी के सचिव गोपाल द्विवेदी ने बताया कि टूरिज्म समिति कानपुर के पर्यटन पर एक ब्रोशर और वेबसाइट तैयार कर रही है, जिसके माध्यम से शहर की पर्यटन संभावनाओं को घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय पर्यटकों तक पहुंचाया जाएगा। डॉल्फिन डेवलपर्स के आनंद गुप्ता ने एक महत्वपूर्ण योजना का खुलासा किया। कानपुर के प्रमुख पर्यटन स्थलों को एक ही पार्क में प्रदर्शित करने की योजना बनाई जा रही है। इस परियोजना पर टूरिज्म डेवलपमेंट सोसाइटी और डॉल्फिन डेवलपर्स मिलकर काम करेंगे, जो भविष्य में शहर के लिए एक बड़ा आकर्षण साबित होगा। इस कानपुर दर्शन पर्यटन यात्रा के तहत यूनाइटेड पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने बिठूर का भ्रमण किया। वहां स्थित कानपुर संग्रहालय को देखकर विद्यार्थी अत्यंत प्रभावित हुए और उन्होंने शहर के गौरवशाली इतिहास को करीब से जाना।