देवरिया जिले के भलुअनी थाना क्षेत्र के भगवानपुर गांव में सोमवार शाम सात बजे एक सात वर्षीय बच्ची की इनवर्टर से करंट लगने के कारण मौत हो गई। बच्ची अपनी मां के साथ ननिहाल आई हुई थी। इस घटना से परिवार में शोक का माहौल है। मृतक बच्ची की पहचान इंद्रजीत चौहान की पुत्री पल्लवी के रूप में हुई है। पल्लवी अपनी मां मनीषा के साथ भगवानपुर गांव स्थित अपने मामा के घर आई थी। खेलते समय वह इनवर्टर के पास पहुंची और करंट की चपेट में आ गई। परिजनों ने बच्ची को अचेत अवस्था में देखा। उसे तत्काल देवरिया मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पल्लवी के पिता इंद्रजीत चौहान विदेश में नौकरी करते हैं। उनके विदेश में होने के कारण मनीषा अपनी बेटी के साथ मायके में रह रही थी। बच्ची की मौत की खबर से परिवार सदमे में है। सूचना मिलने पर भलुअनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।