ईको वैन से टकराकर छात्र शीशे पर लटका:मेरठ के गंगानगर में हादसा, चालक फरार, छात्र गंभीर

मेरठ के गंगानगर में अलकनंदा धाम कॉलोनी रोड चौराहे पर एक भीषण सड़क हादसा हुआ। एक ईको वैन और बाइक की टक्कर में बाइक सवार छात्र नमन मलिक गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर के बाद छात्र वैन के फ्रंट शीशे पर जा गिरा और कुछ दूर तक उसी हालत में घिसटता रहा। वैन में सवार दोनों लोग वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। मेडिकल थाना क्षेत्र के जेल रोड निवासी नमन मलिक गंगानगर स्थित आईआईएमटी से बीटेक कर रहा है। शुक्रवार को वह जेपी एकेडमी स्थित परीक्षा केंद्र से परीक्षा देकर बाइक से घर लौट रहा था। अलकनंदा धाम कॉलोनी रोड के चौराहे पर बाईं ओर से आ रही ईको वैन से उसकी बाइक टकरा गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों वाहन तेज गति में थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि ईको वैन कुछ दूरी तक चलती रही और उसके साथ नमन की बाइक भी घिसटती रही। नमन वैन के शीशे पर लटका रहा और ब्रेक लगने पर सड़क पर गिर पड़ा। उसके चेहरे और सिर से खून बह रहा था। मौके पर मौजूद राहगीरों ने तत्काल नमन को एप्सनोवा अस्पताल में भर्ती कराया। उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। मेडिकल थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अनूप मलिक ने बताया कि छात्र के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ईको वैन में सवार औरंगाबाद निवासी सुशील और अमन की तलाश कर रही है। इस घटना को लेकर एसएसपी डॉ. विपिन ताडा के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद मौके पर फोरेंसिक टीम और सर्किल सीओ के न पहुंचने पर सवाल उठ रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जाएगी।