2 साल पहले मुरादाबाद के यूट्यूबर युवक से लव मैरिज करने वाली ईरान की फैजा ने अपनी ससुरालवालों पर हैरेसमेंट का आरोप लगाया है। गुरुवार को फैजा अपने पति के साथ पहले महिला थाने और फिर एसपी सिटी ऑफिस पहुंचीं। यहां अपनी सास, ननदों और ननदोई पर गंभीर आरोप लगाए। कहा- सास ने मेरे पति के साथ के कुछ अंतरंग पलों की तस्वीरें और वीडियो शूट कर लिए हैं। वो अब इनके बल पर मुझे बदनाम करने की कोशिश कर रही। मुझे ब्लैकमेल कर रही। हालांकि, शिकायत में फैजा ने अपने पति पर कोई आरोप नहीं लगाया। फैजा बोलीं- सास कहती है, तू बाप के घर से क्या लाई
एसपी सिटी रणविजय सिंह को दी शिकायत में फैजा ने कहा है- मुझे सास कुंता देवी, ननदें सोनी दिवाकर, रेनु दिवाकर, अलका दिवाकर और ननदोई उमाशंकर आशीष प्रताड़ित करते हैं। ये लोग मुझे बार-बार ताने देते हैं कि तू अपने बाप के घर से क्या लाई है? सास ने चोरी-छिपे मेरी प्राइवेट तस्वीरें क्लिक कीं
फैजा ने कहा है- मेरी सास कुंता देवी ने घर के अंदर चोरी-छिपे मेरी आपत्तिजनक तस्वीरें खींच ली हैं। सास ने इन तस्वीरों को वॉट्सऐप स्टेटस पर लगा दिया। इससे मेरी सामाजिक प्रतिष्ठा को गहरी चोट पहुंची। मुझे गहरी मानसिक पीड़ा हुई। सास के पास मेरे पति का एक पुराना मोबाइल फोन है, जिसमें मेरी और मेरे पति की कुछ प्राइवेट तस्वीरें हैं। सास ने इस फोन को कहीं छिपा लिया है। मुझे डर है कि हमें ब्लैकमेल और बदनाम करने की मंशा से इस फोन का गलत इस्तेमाल किया जा सकता है। सास ने अपने भाइयों से भी धमकियां दिलाईं
फैजा ने कहा- मेरी सास ने अपने भाइयों और बेटों से भी मुझे धमकियां दिलवाईं। ये लोग आपराधिक प्रवृत्ति के हैं। इसलिए मुझे और मेरे पति को हमेशा डर लगा रहता है। हमारे अंदर असुरक्षा की भावना रहती है। इन लोगों ने मेरे पति को भी धमकाया है। पति के साथ ईरान लौटने की तैयारी में फैजा
ईरानी फैजा ने पति के साथ मिलकर मुरादाबाद में एक कैफे शुरू किया था। ससुराल से रिश्तों में अनबन के बीच फैजा ने कैफे बंद कर दिया है। वह अपने पति पंकज दिवाकर को लेकर अब ईरान लौटने की तैयारियों में है। सास बोली- ईरानी बहू मारती है, अंग्रेजी में गालियां देती है बहू के आरोपों पर सास कुंता देवी ने सफाई दी। कहा- बेटे की ईरानी दुल्हन आए दिन उनके साथ मारपीट करती है। अंग्रेजी में गालियां देती है। कुंता देवी ने अपने ऊपर लगे आरोपों को बेबुनियाद बताया। कहा- बहू हमारे पैतृक मकान को बिकवाकर बेटे को ईरान ले जाना चाहती है। मकान बेचकर दे दूंगी, तो मेरा बुढ़ापा कहां कटेगा? बस इसी बात का झगड़ा है। मैं बेटे को ईरान आने-आने के लिए पहले ही दो बार में करीब 7 लाख रुपए दे चुकी हूं। अब मेरे पास और पैसा नहीं है। फेसबुक पर मुलाकात के बाद प्यार और फिर इंडिया में शादी फैजा उर्फ फाएजे अर्वांदी एक ईरानी नागरिक हैं। वह मूलरूप से ईरान के हमदान सिटी की रहने वाली हैं। फैजा ईरान में सरकारी टीचर थीं। मुरादाबाद के सिविल लाइन की इंद्रप्रस्थ कॉलोनी में रहने वाले पंकज दिवाकर यूट्यूबर हैं। वह ट्रैवल ब्लॉग करते हैं। पंकज की फैजा से पहली मुलाकात फेसबुक के जरिए साल-2022 में हुई थी। इसके बाद धीरे-धीरे दोनों में प्रेम परवान चढ़ने लगा। फैजा के बुलावे पर पंकज ईरान गए थे। इसके बाद 2023 में फैजा पंकज से भारत मिलने आई थीं। तभी दोनों ने सगाई भी कर ली थी। 2024 में फैजा लॉन्ग टर्म वीजा पर भारत आई थीं। यहां हिंदू रीति-रिवाज के हिसाब से पंकज दिवाकर से शादी कर ली थी। इसके साथ ही दोनों ने कोर्ट मैरिज भी की थी। तब से ये दोनों मुरादाबाद में पंकज के पैतृक घर में रह रहे हैं। ————————- ये खबर भी पढ़िए- देव दिवाली पर स्वर्ग जैसी दमकती काशी का ड्रोन VIDEO, नदी में सितारों की तरह टिमटिमाए दीये काशी में बुधवार को देव दिवाली मनाई गई। 84 घाट 25 लाख दीयों से जगमगा उठे। ‘हर हर महादेव’ के जयकारों के बीच गंगा तट पर दीपों से बनी अद्भुत आकृतियां ने भक्तों को मंत्रमुग्ध कर दिया। आतिशबाजी से आसमान रंगीन हो उठा तो गंगा की लहरों पर तैरते दीपों ने ऐसा दृश्य रचा, मानो धरती पर स्वर्ग उतर आया हो। इस नजारे को भास्कर के ड्रोन कैमरे ने कैद किया। देखिए 400 फीट ऊंचाई से काशी की देव दिवाली…