उत्तराखंड महोत्सव का छठा दिन, दर्शकों ने उठाया लुत्फ:गोविन्द बल्लभ पंत उपवन में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन

उत्तराखंड महोत्सव के छठे दिन गोविन्द बल्लभ पंत पर्वतीय सांस्कृतिक उपवन में दर्शकों ने सुरमई शाम का आनंद लिया। इस अवसर पर ‘नाचेगा भारत’, ‘वॉइस ऑफ उत्तराखंड’, ‘झोड़ा-समूह लोक नृत्य’, ‘डांस उत्तराखंड डांस’ और ‘छपेली फोक नृत्य’ सहित कई मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं। महोत्सव में 3.5 लाख रुपए की इनामी राशि वाली प्रतियोगिताओं में प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। महापरिषद के पूरन सिंह जीना और महेंद्र सिंह गैलाकोटी की टीम ने इन प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उत्तराखंड के प्रसिद्ध गायक नीरज चुफाल की टीम ने अपनी प्रस्तुति से हजारों दर्शकों का मन मोह लिया। 3 तस्वीरें देखिए… 45 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया कार्यक्रम का शुभारंभ भारतीय स्टेट बैंक के अनिल कुमार, राजीव रावत और गोपाल सिंह भंडारी तथा विशिष्ट अतिथि संजय कुमार सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। आयोजित स्वास्थ्य चर्चा में डॉ. पूर्णिमा, डॉ. अनीता नेगी, डॉ. स्वपना, डॉ. शिखा और डॉ. रागिनी ने महत्वपूर्ण स्वास्थ्य संबंधी जानकारी साझा की। महिला शाखा द्वारा आयोजित म्यूजिकल चेयर रेस में 45 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागी दलों ने नृत्य कौशल का शानदार प्रदर्शन किया मीडिया प्रभारी राजेंद्र सिंह कनवाल ने बताया कि महोत्सव में छोलिया नृत्य में उधांचल कला केंद्र अल्मोड़ा और फ्रोलिक डांस अकादमी ने भक्तिपूर्ण प्रस्तुतियां दीं। झोड़ा प्रतियोगिता, ‘नाचेगा भारत’ और ‘डांस उत्तराखंड डांस’ के द्वितीय राउंड में प्रतिभागी दलों ने अपने नृत्य कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। संस्कृति विभाग, देहरादून के सहयोग से आए दलों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। स्टार नाइट में नीरज चुफाल और जितेंद्र तोमिकियाल की प्रस्तुतियों ने माहौल को मंत्रमुग्ध कर दिया। महोत्सव के अगले दिन कॉफव एकल/समूह नृत्य प्रतियोगिता और एक राष्ट्रीय स्तर के कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा।