उन्नाव के गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के गगनी खेड़ा गांव में 80 वर्षीय बुजुर्ग की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने इस मामले में छह नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। ये सभी आरोपी वारदात के बाद से फरार चल रहे थे, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही थी। यह घटना 5 नवंबर की रात को हुई थी। गगनी खेड़ा निवासी हीरालाल उर्फ मुनीम (80) की उनके घर के पास गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। मृतक की पत्नी महादेई की तहरीर पर पुलिस ने नौ लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस जांच में सामने आया है कि यह हत्या तीन माह पहले हुए अजीत हत्याकांड से जुड़ी पुरानी रंजिश का परिणाम है। अजीत हत्याकांड के मुख्य आरोपी अशोक निषाद के पिता हीरालाल थे। माना जा रहा है कि बदले की भावना से इस वारदात को अंजाम दिया गया। एसपी जय प्रकाश सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराध व अपराधियों के विरुद्ध विशेष अभियान के तहत, गंगाघाट कोतवाली पुलिस टीम ने रविवार को कार्रवाई की। मुखबिर की सूचना पर प्रखर जी महाराज स्कूल के पास से दबिश देकर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में राजकुमार, सोनू, जितेंद्र, मनोज, मंटानी और अमन शामिल हैं, जो सभी गगनी खेड़ा गांव के निवासी हैं। पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में राजकुमार, सोनू और जितेंद्र के खिलाफ पहले से ही हत्या, मारपीट, धमकी और गैंग एक्ट जैसे कई गंभीर मामले दर्ज हैं।पुलिस ने बताया कि ये सभी आरोपी हत्या के बाद से फरार थे और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहे थे।गिरफ्तार सभी आरोपियों को कोतवाली लाकर गहन पूछताछ की गई। इसके बाद उन्हें रविवार शाम न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस शेष तीन वांछित आरोपियों संतोष, गोविंद और महेश निषाद की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है। कोतवाली प्रभारी अजय कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस की कई टीमें उनकी तलाश में जुटी हैं। जल्द ही फरार आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।