उन्नाव में कानपुर-लखनऊ रेल रूट पर मगरवारा रेलवे स्टेशन के पास डाउन लाइन पर एक सीमेंटेड स्लीपर पाया गया। इस घटना के कारण नई दिल्ली से लखनऊ जा रही तेजस एक्सप्रेस को गंगाघाट रेलवे स्टेशन पर लगभग 27 मिनट तक रोकना पड़ा। बुधवार रात करीब 8:52 बजे तेजस एक्सप्रेस गंगाघाट रेलवे स्टेशन की डाउन लूप लाइन पर पहुंची थी। तभी गंगाघाट स्टेशन मास्टर को कंट्रोल रूम से मगरवारा ट्रैक पर सीमेंटेड स्लीपर होने की सूचना मिली। इसके बाद स्टेशन मास्टर ने तेजस को आगे बढ़ने का सिग्नल नहीं दिया, जिससे ट्रेन गंगाघाट स्टेशन पर रुक गई। ट्रेन रुकने से यात्रियों में बेचैनी फैल गई और वे काफी देर तक सिग्नल का इंतजार करते रहे। सूचना मिलते ही मगरवारा स्टेशन पर जीआरपी, आरपीएफ और रेलवे के अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने तत्काल सीमेंटेड स्लीपर को ट्रैक से हटाया और डाउनलाइन को क्लियर कराया। ट्रैक साफ होने के बाद रात करीब 9:19 बजे ट्रेन को लखनऊ के लिए रवाना किया गया। इस दौरान तेजस एक्सप्रेस कुल 27 मिनट तक गंगाघाट रेलवे स्टेशन पर खड़ी रही। आरपीएफ इंस्पेक्टर हरीश कुमार ने बताया कि मगरवारा रेलवे स्टेशन की लूप लाइन पर गिट्टी उतारने का काम चल रहा था। उसी दौरान हुई धमक के कारण स्लीपर ट्रैक पर आ गया। उन्होंने किसी भी तरह की साजिश की आशंका से इनकार किया है।