उन्नाव में वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत:फतेहपुर चौरासी रोड पर हुआ हादसा, पुलिस जांच में जुटी

उन्नाव के फतेहपुर चौरासी थाना क्षेत्र में एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। चौंगवा रोड स्थित कमलापुर गांव के निकट देर शाम अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान भूटिया परशुरामपुर निवासी 38 वर्षीय रंजीत पुत्र रामबालक के रूप में हुई है। रंजीत बाबरियामऊ गांव में मोबाइल की दुकान चलाता था। वह दुकान का सामान लेने बांगरमऊ गया था और शुक्रवार देर शाम लगभग 8 बजे अपने घर लौट रहा था, तभी यह हादसा हुआ। हादसे के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। उसी दौरान उधर से गुजर रहे ग्राम प्रधान राम कन्नौजिया ने अपनी गाड़ी रोकी, जिसके बाद मृतक की पहचान हो सकी। रंजीत अपने परिवार का भरण-पोषण मोबाइल दुकान चलाकर करता था। उसके परिवार में पत्नी फूलन देवी और चार बच्चे हैं, जिनमें तीन बेटे (अभी 8 वर्ष, आदित्य 6 वर्ष, अंशु 4 वर्ष) और एक बेटी (नैना 3 वर्ष) शामिल हैं। सूचना मिलने पर फतेहपुर चौरासी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है और मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।