सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय (MoSPI) की आधिकारिक एमपीएलएड्स वेबसाइट और डैशबोर्ड पर प्रदर्शित आंकड़ों की विश्वसनीयता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। इस संबंध में राज्यमंत्री राव इंद्रजीत सिंह को एक पत्र भेजकर एमपीएलएड्स पोर्टल पर भ्रामक, त्रुटिपूर्ण और अपूर्ण डेटा प्रदर्शित किए जाने पर चिंता जताई गई है। पत्र में कहा गया है कि एमपीएलएड्स डैशबोर्ड पर निधियों की वित्तीय स्थिति, परियोजनाओं की प्रगति, कार्यों की श्रेणी और अनुशंसित परियोजनाओं की वास्तविक स्थिति सही ढंग से परिलक्षित नहीं हो रही है। इससे यह स्पष्ट नहीं हो पा रहा है कि इन विसंगतियों के लिए जिला प्रशासन जिम्मेदार है या मंत्रालय। हालांकि, मंत्रालय की आधिकारिक वेबसाइट पर गलत जानकारी का सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित होना अपने आप में एक गंभीर विषय बताया गया है। एमपीएलएड्स डैशबोर्ड का मुख्य उद्देश्य पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना है, लेकिन लगातार सामने आ रही त्रुटियों के कारण आम जनता में भ्रम की स्थिति बन रही है। पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि इन गलत आंकड़ों का उपयोग कुछ स्थानों पर जनप्रतिनिधियों के खिलाफ भ्रामक प्रचार के लिए किया जा रहा है, जिसे लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए चिंताजनक बताया गया है। पत्र में कहा गया है कि एमपीएलएड्स जैसी महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजना को अविश्वसनीय डिजिटल प्रणाली के भरोसे नहीं छोड़ा जा सकता। इसके लिए एमपीएलएड्स पोर्टल का तत्काल तकनीकी और डेटा ऑडिट कराए जाने की मांग की गई है। साथ ही, वर्तमान में प्रदर्शित गलत जानकारियों को शीघ्र दुरुस्त करने और जिला प्रशासन तथा मंत्रालय के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर नियमित डेटा अपडेट की प्रभावी व्यवस्था लागू करने पर बल दिया गया है। अंत में मंत्रालय से अपेक्षा जताई गई है कि वह इस गंभीर मुद्दे पर शीघ्र संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई करेगा, ताकि एमपीएलएड्स डैशबोर्ड को पुनः एक विश्वसनीय और प्रामाणिक सार्वजनिक सूचना मंच के रूप में स्थापित किया जा सके।