एसपी अंकुर अग्रवाल को मिलेगा डीजीपी गोल्ड मेडल सम्मान:रजक पदक से होंगे सम्मानित प्रतिसार निरीक्षक, सीओ महमूदाबाद को गृहमंत्री प्रशस्ति पत्र

सीतापुर में गणतंत्र दिवस के अवसर पर पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए डीजीपी गोल्ड मेडल से सम्मानित किया जाएगा। वर्ष 2016 बैच के आईपीएस अधिकारी एसपी अंकुर अग्रवाल ने जनपद में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने, अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा और जनहित से जुड़े मामलों में प्रभावी कार्यशैली का परिचय दिया है। उनके नेतृत्व में पुलिस प्रशासन ने कई उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं, जिसके चलते उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया जा रहा है। इसके साथ ही पुलिस लाइन सीतापुर में तैनात प्रतिसार निरीक्षक शिव बालक वर्मा को भी डीजीपी प्रशंसा रजक पदक से सम्मानित किया जाएगा। उनकी कर्तव्यनिष्ठा और अनुशासनपूर्ण सेवाओं को देखते हुए यह सम्मान दिया जा रहा है। वहीं सीओ महमूदाबाद वेद प्रकाश श्रीवास्तव को भारत सरकार द्वारा प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने अपने क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने और जनसमस्याओं के समाधान में अहम भूमिका निभाई है। इसके अतिरिक्त डीजीपी के सराहनीय कार्य सेवा पदक के लिए जनपद के मुख्य आरक्षी धर्मेंद्र सिंह, सुरेश कुमार और संजय कुमार का चयन किया गया है। इन सभी ने ड्यूटी के दौरान ईमानदारी, साहस और समर्पण का परिचय दिया है। वहीं डीजीपी प्रशंसा रजक पदक के लिए आरक्षी प्रशांत शेखर और आरक्षी दीपक रंजन को चुना गया है। इन सम्मानित पुलिसकर्मियों की उपलब्धियों से पूरे जनपद में हर्ष का माहौल है। पुलिस विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने चयनित कर्मियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।