संभल में CO कुलदीप कुमार का ‘जहाज में बैठकर ईरान चले जाओ’ वाला बयान तूल पकड़ता जा रहा है। AIMIM नेता सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने पलटवार करते हुए कहा- ये मुल्क आपके बाप का नहीं। तुम इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की जुबान बोल रहे हो। उधर, संभल में सपा विधायक इकबाल महमूद ने भी सीओ को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि जब बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार हो रहा था, तब उन्होंने यहां के हिंदुओं को जहाज से वहां क्यों नहीं भेजा? दरअसल, संभल के असमोली में पीस कमेटी की मीटिंग में सीओ कुलदीप कुमार ने शांति भंग न करने की चेतावनी देते हुए कहा था कि कोई भी अंतरराष्ट्रीय विवादों के नाम पर शहर की शांति भंग न करे। इसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बहुत सारे लोगों को इस बात की खुजली मची है कि साहब, ईरान और इजराइल के बीच में झगड़ा हो रहा है। पहले पढ़िए असदुद्दीन ओवैसी ने क्या कहा? हैदराबाद में सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने कहा- एक डीएसपी साहब हैं, वो मुसलमानों को बैठाकर कहते हैं- इजराल-अमेरिका और ईरान की जंग रही है। तुम लोग ईरान को लेकर क्यों प्रदर्शन कर रहे हो। तुम लोग रोड पर नमाज पर क्यों पढ़ते हो। बर्दाश्त नहीं करेंगे, जेल भेज देंगे। अगर तुमको ज्यादा तकलीफ हो रही है तो इंडिया से ईरान चले जाओ। मैं उस डीएसपी से कहना चाहता हूं कि ये मुल्क आपके बाप का नहीं है। तुम बेंजानिम नेतन्याहू की जुबान बोल रहे हो। अगर कल को इजराइल के पक्ष में जुलूस निकाला जाएगा तो तुम जय-जय के नारे लगाओगे न? अब पढ़िए विधायक ने क्या कहा… विधायक इकबाल महमूद अपने बेटे सुहैल इकबाल के साथ अलविदा जुमे की नमाज अदा करने संभल की शाही जामा मस्जिद पहुंचे थे। शुक्रवार शाम 5 बजे नमाज के बाद मुस्लिम समुदाय के लोगों से मुलाकात के दौरान उन्होंने सीओ के बयान पर नाराजगी जताई। विधायक ने कहा कि सीओ का बयान बांग्लादेश हिंसा के दौरान भी आना चाहिए था। जब बांग्लादेश में हिंदुओं के साथ ज्यादती हो रही थी तो हम और हमारे हिंदू भाई मिलकर आवाज उठा रहे थे। उस समय सीओ हिंदुओं से भी कहते कि बांग्लादेश जाकर उनकी मदद करिए। सभी को रहती है अपनी कौम की चिंता विधायक इकबाल महमूद ने कहा कि जब वहां मुसलमान हिंदुओं के साथ ज्यादती कर रहे थे, तब भारत में जबरदस्त विरोध प्रदर्शन हुए थे। उस समय किसी ने यह आह्वान नहीं किया था कि बांग्लादेश जाकर मदद करें। महमूद ने कहा कि हर व्यक्ति को अपने कौम की फिक्र रहती है। देश के हिंदू बांग्लादेश के हिंदुओं की चिंता कर रहे थे, जबकि हम पूरी दुनिया के मुसलमानों की फिक्र कर रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या उनके साथ ज्यादती और जुल्म नहीं हो रहा है, जहां 5-6 साल के बच्चों को बम गिराकर मार दिया गया? उन्होंने जोर दिया कि इंसानियत के आधार पर पक्ष लेना चाहिए न कि जज्बात में आकर। विधायक ने उत्तर प्रदेश के माहौल को ‘बहुत खराब’ बताया। कहा कि प्रदेश में मुसलमानों के साथ ‘जितनी ज्यादती की जानी चाहिए, वह की जा रही है’। उन्होंने मस्जिद में नमाज अदा कर अल्लाह से दुआ की और विश्वास जताया कि इसका कुछ न कुछ सिला जरूर मिलेगा। पढ़िए सीओ कुलदीप कुमार का बयान जिससे बढ़ा विवाद… सीओ कुलदीप कुमार ने बुधवार को संभल कोतवाली में पीस कमेटी की बैठक की थी। इसमें उन्होंने कहा था कि ‘मैं देख रहा हूं कि बहुत सारे लोगों को इस बात की खुजली मची है कि साहब, ईरान और इजराइल के बीच में झगड़ा हो रहा है। कुछ लोग बीच में अपनी टांग अड़ाए हुए हैं। अगर इतनी दिक्कत है, तो जहाज में बैठ जाओ। यहां से जहाज ईरान में फंसे भारतीयों को लेने जा रहा है। उसी में बैठकर चले जाओ और ईरान की तरफ से लड़ो।’ शांतिभंग नहीं करने की चेतावनी देते हुए CO ने कहा कि अगर यहां किसी ने व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश की, तो हमें उससे निपटना आता है। हम हिंदुस्तानी हैं, भारतीय हैं। यहां सुकून से रह रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय मुद्दे सरकारों के काम हैं, आम जनता के नहीं। 10 लोग कहीं खड़े होकर छाती पीट रहे हैं कि ईरान को मार डाला। इस पूरे मामले का वीडियो भी सामने आया था। दरअसल, CO कुलदीप कुमार संभल कोतवाली में अलविदा जुमा और ईद के त्योहार को लेकर बैठक कर रहे थे। कुलदीप कुमार के पास संभल का भी प्रभार है, क्योंकि संभल के CO छुट्टी पर हैं। बैठक में सिटी मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार और इंस्पेक्टर गजेंद्र सिंह भी मौजूद थे। बैठक में CO ने मुस्लिम समुदाय के लोगों से शांति से त्योहार मनाने को कहा। उन्होंने कहा कि कोई भी अंतरराष्ट्रीय विवादों के नाम पर शहर की शांति भंग न करे। इसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। CO के बयान पर सांसद और AIMIM अध्यक्ष भी दे चुके प्रतिक्रिया सीओ के बयान के बाद सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क ने सीओ के बयान को शर्मनाक और दुर्भाग्यपूर्ण बताया था। उन्होंने X पर लिखा- ईरान के नाम पर छाती पीटी तो बढ़िया वाला इलाज कर देंगे क्या? अब पुलिस प्रशासन की भाषा यही रह गई है? किसी अधिकारी को धर्म या समुदाय का अपमान करने का अधिकार किसने दिया? वहीं, AIMIM के यूपी अध्यक्ष शौकत अली ने प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने कहा- पीस कमेटी की बैठक में CO कुलदीप कुमार धमका रहे हैं। अगर हम कोई ऐसा काम करते हैं, जो असंवैधानिक है, तो आप मुकदमा दर्ज कीजिए। आप मुसलमानों को बैठाकर धमका रहे हैं। सबसे पहला मुकदमा आप पर ही होना चाहिए। उन्होंने कहा कि आपने मुसलमानों को कमजोर समझा है। हर कोई आएगा और मुसलमानों को धमकाकर चला जाएगा। पहले CO अनुज चौधरी का भी यही काम था। मुसलमानों को उसने गोलियां मार दीं। हीरो बन गया वो। शौकत अली ने कहा- कहीं से नहीं लग रहा कि आपने संविधान की शपथ ली है। आपकी भाषा IPS अधिकारी की भाषा नहीं, एक गली के क्रिमिनल की भाषा लग रही है। CO साहब आपको दिक्कत है हमसे, तो आप नेपाल चले जाइए। —————————————— यह खबर भी पढ़ें….. राहुल गांधी पर भड़कीं मायावती:कहा- जिसका विरोध करने के लिए बसपा बनी, अब वही कांग्रेस कांशीराम को भारत रत्न कैसे देगी? बसपा सुप्रीमो मायावती, कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भड़क गई हैं। उन्होंने शनिवार को कहा- जिस कांग्रेस की दलित-विरोधी सोच के चलते बसपा का गठन हुआ, जिसने कांशीराम के निधन पर राष्ट्रीय शोक घोषित नहीं किया, अब वही कांग्रेस उन्हें भारत रत्न देने की बात कर रही है। इसलिए कांग्रेस से सावधान रहने की जरूरत है। पढ़ें पूरी खबर…