औरैया में दिबियापुर थाना क्षेत्र के जोरन पुर्वा गांव में एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान 27 वर्षीय राम कुमार उर्फ बड़े के रूप में हुई है, जो दिवारी लाल का पुत्र था। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। परिजनों के अनुसार, राम कुमार ने रात में अपने घर के कमरे में फांसी लगाई। बताया गया है कि उसकी पत्नी पिछले डेढ़ साल से मायके में रह रही थी। उनका डेढ़ साल का बच्चा राम कुमार के साथ ही रहता था। पत्नी ने पति और परिवार के अन्य सदस्यों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और बच्चे को न देने का मुकदमा दर्ज कराया था। इस मुकदमे के कारण राम कुमार कथित तौर पर तनाव में रहने लगा था और शराब का सेवन भी करने लगा था। ग्रामीणों के बीच चर्चा थी कि आत्महत्या करने से पहले भी वह शराब के नशे में था। थाना प्रभारी निरीक्षक रुद्र प्रताप नारायण त्रिपाठी ने परिजनों की सूचना पर मौके पर पहुंचकर शव को फांसी के फंदे से नीचे उतरवाया। शव को पोस्टमार्टम के लिए चिचौली स्थित मोर्चरी भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया,वहीं मृतक की पत्नी थाने पहुंची थी।