लखनऊ में फर्जीवाड़ा कर कंपनी के लाखों रुपये हड़पने वाले लेखाकार को कैसरबाग पुलिस ने वाराणसी से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी बीते करीब नौ माह से फरार चल रहा था। पुलिस ने उसे बुधवार दोपहर वाराणसी के प्रेमचंद्र कॉलोनी स्थित एक होटल के कमरे से दबोचा। थाना प्रभारी कैसरबाग अंजनी मिश्र ने बताया कि आरोपी इंदिरानगर गाजीपुर निवासी प्रवीण गर्ग, कैसरबाग क्षेत्र में स्थित बीसीसी कंपनी में लेखाकार के पद पर तैनात था। कंपनी में लिखापढ़ी और बैंकिंग कार्य में सुविधा के लिए डायरेक्टर ने उसे कंपनी के बैंक खाते के पासवर्ड दे रखे थे। आरोप है कि प्रवीण गर्ग ने इसी भरोसे का फायदा उठाते हुए फर्जीवाड़ा किया और कंपनी के करीब 45 लाख रुपये अपनी पत्नी अंजना और बेटी भाव्या के बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिए। मामले का खुलासा होने पर आरोपी 27 मार्च को परिवार समेत फरार हो गया था। कंपनी के डायरेक्टर की तहरीर पर कैसरबाग थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई थी। तभी से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। पुलिस के अनुसार आरोपी करीब नौ माह से फरार था और अलग-अलग जगहों पर छिपकर रह रहा था। फिलहाल उसे कोर्ट में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।