कई बाइक सवारों को टक्कर मारकर दीवार में घुसी स्कॉर्पियो:पुलिस की मौजूदगी में क्रेन से निकाली कार, थाना ताजगंज क्षेत्र की घटना

आगरा में एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित हो गई। इस दौरान स्कॉर्पियो ने कई बाइक सवारों को टक्कर मार दी। इसके बाद दीवार में जा घुसी। मौके पर पहुंची पुलिस ने क्रेन मंगवाकर स्कॉर्पियो को बाहर निकाला। स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा चकनाचूर हो गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। हादसा ताजगंज क्षेत्र में बसई सब्जी मंडी का है। अब जानिए पूरा मामला
थाना ताजगंज क्षेत्र में शनिवार को तेज रफ्तार स्कॉर्पियो के अनियंत्रित होने से हादसा हो गया। स्कॉर्पियो सौ फुटा रोड से बसई सब्जी मंडी की ओर जा रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार के कारण चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और स्कॉर्पियो ने रास्ते में जा रहे कई बाइक सवारों को अपनी चपेट में ले लिया। स्कॉर्पियो दीवार में फंस गई
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कॉर्पियो बाइक सवारों को टक्कर मारते हुए आगे बढ़ी और सड़क किनारे बनी एक दीवार में जा घुसी। टक्कर इतनी तेज थी कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। स्कॉर्पियो दीवार में फंस गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आसपास के लोग घटनास्थल पर इकट्ठा हो गए। क्रेन की मदद से बाहर निकाला
सूचना मिलने पर थाना ताजगंज पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में क्रेन की मदद से दीवार में फंसी स्कॉर्पियो को बाहर निकाला गया। राहत की बात यह रही कि हादसे में बाइक सवारों को गंभीर चोट नहीं आई, हालांकि कुछ बाइकों को नुकसान पहुंचा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।