ककोड़ा मेले में ड्यूटी पर हेड कांस्टेबल की मौत:मीरानपुर कटरा थाने में तैनात था, ड्यूटी के दौरान बिगड़ी तबीयत; उपचार के दौरान तोड़ा दम

मीरानपुर कटरा थाने में तैनात हेड कांस्टेबल प्रमोद सिंह (39) का ककोड़ा मेले में ड्यूटी के दौरान निधन हो गया। उन्हें 29 अक्टूबर से 12 नवंबर तक मेले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए तैनात किया गया था। ड्यूटी के दौरान प्रमोद सिंह की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उन्हें तत्काल इलाज के लिए मुरादाबाद के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। प्रमोद सिंह मूल रूप से मुरादाबाद के डिलारी थाना अंतर्गत ग्राम नूरपुर के निवासी थे। उनके निधन की खबर से परिवार और गांव में शोक का माहौल है। उनके परिवार में पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा है। सूचना मिलने पर डिलारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू की। मीरानपुर कटरा के थाना प्रभारी निरीक्षक जुगल किशोर पाल ने घटना की पुष्टि की है।